फरार आरोपी को जयनगर पुलिस ने दबोचा
सूरजपुर,18 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। रेलवे विभाग में भृत्य (चपरासी) की नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को जयनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पूर्व में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि दूसरा आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमगांव निवासी बालरूप सिंह ने दिनांक 04 मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सितंबर 2023 में उसके परिचित अज्जू सिंह (पिता बुढ़न सिंह, निवासी ठाकुरपुर थाना गांधीनगर) ने रेलवे विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे 2 लाख 38 हजार 600 रुपये ले लिए। नौकरी नहीं लगने पर आरोपी ने 70 हजार रुपये वापस कर दिए,लेकिन शेष राशि लौटाने से इनकार कर दिया, प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 122/2025 धारा 420, 34 भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पहले एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा था फरार
पुलिस ने 06 मई 2025 को आरोपी अज्जू सिंह को गिरफ्तार किया था,पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगी सुदामा दास के साथ मिलकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया, दोनों ने मिलकर प्रार्थी एवं उसके भाई से विभिन्न माध्यमों से कुल 2,38,600 रुपये लिए थे, घटना के बाद से सुदामा दास फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज की गई। इसी क्रम में थाना जयनगर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुदामा दास (पिता स्व. समल दास,उम्र 48 वर्ष, निवासी मरौल बरडीपा टोला, थाना बगीचा जिला जशपुर) क्षेत्र में देखा गया है,सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अज्जू सिंह के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। आरोपी को 17 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही के लिए प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका-
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुन्तल एक्का, एसआई सोहन सिंह,प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का,आरक्षक हरिशंकर सिंह, सुरेश साहू एवं अम्बिका मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर निजी व्यक्तियों को रकम न दें,संदेह होने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur