
पर्यटन,रोजगार,स्वास्थ्य और अधोसंरचना पर सरकार का व्यापक फोकस
एमसीबी/चिरमिरी,17 फरवरी 2026(घटती-घटना)। एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के लिए यह दिन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 127 करोड़ रुपये की लागत वाले कुल 141 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम को क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और चिरमिरी को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया,मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं,बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर जनता तक लाभ पहुंचाना है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन परियोजनाओं से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जीवनस्तर में सुधार आएगा।

चिरमिरी को पर्यटन हब बनाने की दिशा
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चिरमिरी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही, उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को आधार बनाकर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा,इससे होटल,परिवहन,स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा तथा युवाओं का पलायन रुकेगा।

महापौर की मांगों पर घोषणाएं
महापौर रामनरेश राय ने अपने स्वागत उद्बोधन में चिरमिरी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान चुनौतियों का उल्लेख किया,उन्होंने कहा कि कभी यह क्षेत्र बहुराज्यीय आबादी का केंद्र था, लेकिन अब आर्थिक गतिविधियों में कमी आई है, महापौर की मांगों पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम को अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने,बकरी संवर्धन केंद्र स्थापित करने,पुलिस चौकी एवं तहसील भवन निर्माण,पर्यटन विकास को गति देने,जैसी घोषणाएं कीं।
धार्मिक-सांस्कृतिक समरसता का संदेश
मुख्यमंत्री ने चिरमिरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की, मंदिर परिसर स्थित आनंद बाजार में आम नागरिकों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जिसे सामाजिक समानता का प्रतीक माना गया, उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में समरसता और एकता को सुदृढ़ करते हैं, राजिम मेले का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन दे रही है।
आवास, किसान और सामाजिक योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 10 लाख से अधिक हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश कर चुके हैं, 25 लाख 24 हजार किसानों से धान खरीदी की गई, महतारी वंदन योजना की 22 किस्तें जारी हो चुकी हैं, तेंदूपत्ता संग्रहण से 12 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं, उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना और विकास की प्रतिबद्धता दोहराई।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि चिरमिरी में जिला अस्पताल के सुदृढ़ीकरण तथा मनेंद्रगढ़ में 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के संचालन की दिशा में कार्य प्रगति पर है, उन्होंने कहा कि 181 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना से आगामी 50 वर्षों के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य है, मेडिकल, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी संस्थान स्थापित करने की प्रक्रिया भी जारी है।
कृषि एवं ग्रामीण विकास की दिशा
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि 127 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी,सरकार का उद्देश्य गांव से शहर तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में महापौर रामनरेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह,भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। बड़ी संख्या में अधिकारी,कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विकास और आस्था का संगम
चिरमिरी में यह आयोजन केवल प्रशासनिक घोषणा तक सीमित नहीं रहा,बल्कि विकास और आस्था के संतुलन का प्रतीक भी बना, एक ओर 127 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक सौगात, दूसरी ओर मंदिर में पूजा-अर्चना-इसने शासन की विकासोन्मुख और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को दर्शायायदि घोषित परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण होती हैं,तो चिरमिरी की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है,इस प्रकार यह दिन चिरमिरी के लिए विकास, रोजगार,सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक समरसता के दृष्टिकोण से विशेष महत्व का बन गया।
141 कार्यों का विवरणः विकास की बहुआयामी रूपरेखा कार्यक्रम के अंतर्गत
82 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया,जिनकी अनुमानित लागत लगभग 40 लाख रुपये है। 59 नवीन कार्यों का शिलान्यास 8824.78 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से किया गया।
इन परियोजनाओं में शामिल हैं…
सड़क एवं पुल निर्माण
पेयजल व्यवस्था का विस्तार
विद्युत अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण
स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन
नगरीय सुविधाओं का विकास
सामुदायिक भवन और सार्वजनिक उपयोग की संरचनाएं मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur