


- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सक्रिय भूमिका से एमसीबी को मिली नई सौगातें
- चिरमिरी में विकास की बड़ी सौगात: 59 का शिलान्यास,82 कार्यों का लोकार्पण
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा,करोड़ों की योजनाओं से एमसीबी को नई रफ्तार
- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर मुख्यमंत्री का आगमन
- नवगठित एमसीबी जिले में अधोसंरचना को मिली मजबूती
- करीब 127 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से क्षेत्र में नई उम्मीद
- मुख्यमंत्री का बार-बार चिरमिरी आगमन: क्या एमसीबी बना सरकार की प्राथमिकता जिला?
एमसीबी,चिरमिरी,16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। नवगठित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले की धरती पर एक बार फिर विकास की बड़ी सौगातें उतरीं, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चिरमिरी पहुंचे,उनके साथ प्रभारी मंत्रीरामविचार नेताम भी मौजूद रहे, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा रही कि यह दौरा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष आग्रह और आमंत्रण पर तय हुआ, बीते दो वर्षों में मंत्री जायसवाल द्वारा मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्र में कई बार आमंत्रित किए जाने की चर्चा है,जिसके चलते एमसीबी जिले में विकास कार्यों की गति लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।
चिरमिरी दौरा एमसीबी जिले के लिए विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, 59 कार्यों का शिलान्यास, 82 कार्यों का लोकार्पण, करोड़ों रुपये की योजनाओं की शुरुआत, इन सबके बीच स्वास्थ्य मंत्री की सक्रियता और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता ने यह संकेत दिया है कि नवगठित जिला तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है, अब देखना यह होगा कि घोषित योजनाएं किस गति और गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतरती हैं, ताकि विकास की यह रफ्तार केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर स्थायी परिवर्तन में बदल सके।
जनभागीदारी और राजनीतिक संदेश
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने कलश धारण कर स्वागत किया,अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री,प्रभारी मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों को गजमाला पहनाकर सम्मानित किया गया,यह दौरा केवल विकास कार्यों की घोषणा तक सीमित नहीं रहा,बल्कि राजनीतिक रूप से भी एक स्पष्ट संदेश देता दिखाई दिया—कि राज्य सरकार और क्षेत्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय मजबूत है,किसी क्षेत्र में मुख्यमंत्री का बार-बार आगमन यह संकेत देता है कि वह क्षेत्र शासन की प्राथमिकता सूची में ऊपर है।
नवगठित जिले की नई दिशा
एमसीबी जिला अभी विकास के प्रारंभिक चरण में है। ऐसे में प्रशासनिक ढांचे का विस्तार, बुनियादी सुविधाओं का निर्माण और योजनाओं का क्रियान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है,मुख्यमंत्री के इस दौरे और बड़ी राशि के विकास कार्यों की सौगात ने जिले को नई दिशा दी है, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सक्रिय भूमिका और मुख्यमंत्री से उनके निकट संबंधों को लेकर चाहे राजनीतिक चर्चाएं हों, परंतु यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में विकास कार्यों की निरंतरता ने जनता की अपेक्षाएं बढ़ाई हैं।
हेलीपैड से मंगल भवन तक
मुख्यमंत्री रायपुर से चौपर द्वारा उड़ान भरकर पोड़ी ग्राउंड स्थित हेलीपैड पहुंचे, यहां स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े,कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रतना सिंह ने आत्मीय स्वागत किया,हेलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला मालवीय नगर,पोड़ी स्थित मंगल भवन पहुंचा, जहां जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से संवाद का कार्यक्रम आयोजित था। पारंपरिक रीति से चंदन टीका और कलश स्वागत के बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, राष्ट्रगान के सामूहिक गान के साथ वातावरण गरिमामय हो उठा।
8,824.78 लाख के 59 कार्यों का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 8,824.78 लाख रुपये (लगभग 88.24 करोड़ रुपये) की लागत से प्रस्तावित 59 विकास कार्यों का शिलान्यास किया,इनमें अधोसंरचना, सड़क, भवन एवं अन्य जनहित परियोजनाएं शामिल हैं,यह कार्य नवगठित जिले के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
3,879.85 लाख के 82 कार्यों का लोकार्पण-
इसके साथ ही 3,879.85 लाख रुपये (लगभग 38.79 करोड़ रुपये) की लागत से पूर्ण 82 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया,इन कार्यों के पूर्ण होने से चिरमिरी क्षेत्र में सड़क, भवन, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ता मिली है,मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांव से शहर तक विकास की धारा बहाने के लिए प्रतिबद्ध है और एमसीबी जैसे नवगठित जिलों को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘वंदे भारत’ जैसी विकास गति
स्थानीय लोग व्यंग्य में कहते हैं कि जिला नया जरूर है, लेकिन विकास की रफ्तार वंदे भारत ट्रेन जैसी दिख रही है,लगातार शिलान्यास और लोकार्पण से यह संदेश गया है कि एमसीबी जिला सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल केवल विभागीय जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं,बल्कि वे मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय जनता के बीच एक सेतु की भूमिका निभा रहे हैं,प्रदेश की सियासत में यह चर्चा भी आम है कि यदि किसी कारणवश मुख्यमंत्री स्वयं उपस्थित नहीं हो पाते, तो उनके प्रतिनिधि के रूप में जायसवाल ही कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और सरकार का संदेश जनता तक पहुंचाते हैं,उनकी सक्रियता के चलते क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम,विकास योजनाओं की समीक्षा और त्वरित निर्णय की छवि उभरकर सामने आई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur