-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा वन मंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र अंबिकापुर के बीट खालिबा में वन भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड पर मिलीभगत कर 20 एकड़ से अधिक वन भूमि को छोडऩे और अवैध तरीके से नई जगह पर सीपीटी गड्ढे खोदने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर सोमवार को ग्राम खालिबा के निवासियों ने अधिवक्ता डीके सोनी के नेतृत्व में मुख्य वन संरक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने सीपीटी गड्ढों की खुदाई न कर कुछ लोगों से मिलीभगत करते हुए लगभग 20 एकड़ क्षेत्र को छोड़ दिया गया। साथ ही गांव के निस्तार और आवागमन के रास्ते को भी बंद कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर रेंजर एवं वन कर्मियों द्वारा सुनवाई नहीं की गई,बल्कि उन्हें धमकाने की बात भी सामने आई है। जंगल और वन भूमि की सुरक्षा को लेकर गांव की महिलाएं भी बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल हुईं। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र में अवैध कब्जा और भूमि के दुरुपयोग को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद मुख्य वन संरक्षक सरगुजा दिलराज प्रभाकर ने वनमंडलाधिकारी सरगुजा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में सहयोग करने वाले विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur