- मैनपाट महोत्सव सरगुजा जिले की पहचान,आने वाले वर्षों में होगा और भव्य आयोजन : सांसद
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रही महोत्सव की शाम,कवि सम्मेलन ने बांधा समा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सरगुजा की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुभारंभ अवसर पर जिले को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र में अधोसंरचना और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। सांसद ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में मैनपाट निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों,लोककला,पारंपरिक व्यंजनों एवं मनोरंजन गतिविधियों ने पर्यटकों को आकर्षित किया है। समापन समारोह में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने अपने संबोधन में कहा कि मैनपाट महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति,परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा मैनपाट में पर्यटन विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या,खेल प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी,पर्यटन गतिविधियां एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कलाकारों,अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैनपाट पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और भविष्य में यह आयोजन और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग, जनपद पंचायत मैनपाट अध्यक्ष संतोषी पैंकरा, उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, ग्राम पंचायत रोपाखार के सरपंच श्री सुखुराम, जनप्रतिनिधि श्री आलोक दुबे, श्री रजनीश पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, डीएफओ श्री अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ मैनपाट महोत्सव 2026 का हुआ भव्य समापन
जिले में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन रविवार को उत्साह,उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। अंतिम दिवस के मुख्य आकर्षण के रूप में बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर की लाइव प्रस्तुति ने समापन समारोह को यादगार बना दिया। कनिका कपूर ने अपने लोकप्रिय गीत ‘चिट्टियां कलाइयां ‘,‘बेबी डॉल ‘,‘यार ना मिले’ सहित कई सुपरहिट बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शक झूम उठे। महोत्सव स्थल तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। कार्यक्रम में रायगढ़ के कलाकार राकेश शर्मा ने भक्ति, सूफी एवं लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलाकारों की सांस्कृतिक
प्रस्तुतियों से सजी रंगारंग संध्या
महोत्सव की अंतिम शाम गीत-संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सराबोर रही। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रस्तुत शिव भजन एवं शिव ताण्डव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया स्थानीय कलाकारों में राहुल मण्डल, मानवी भगत,जय किशन विश्वास, शिवम सिन्हा सहित अन्य प्रतिभाओं ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। अन्य जिलों से आए कलाकारों में कोरिया जिले के सचिन्द्र कुमार एवं मनेन्द्रगढ़ की जसमीत कौर ने गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। बिलासपुर की नृत्यांगना ज्योति श्री वैष्णव ने कत्थक नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को मंच पर साकार किया।आनंद कुमार गुप्ता मदारी आर्ट ग्रुप द्वारा प्रस्तुत भजन, संगीत एवं लोकनृत्य ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विविध सांस्कृतिक विधाओं का समावेश महोत्सव को बहुरंगी और बहुआयामी स्वरूप प्रदान करता रहा।
सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने किया विभागीय स्टॉलों का अवलोकन

मैनपाट महोत्सव के अवसर पर सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक पहुंच के संबंध में चर्चा की तथा आमजन तक अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में वीबी राम जी तथा अटल पंचायत डिजिटल केंद्र की जानकारी प्रदर्शित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया,जिसे सांसद ने सराहा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी),प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं के साथ नशामुक्ति विषय पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। आदिवासी विकास विभाग ने पीएम जनमन योजना सहित जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए पारंपरिक आभूषण,जड़ी-बूटियां एवं उपयोगी सामग्री प्रदर्शित की। कृषि विभाग द्वारा दलहन आत्मनिर्भर मिशन (2025-31) पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। केंद्रीय जेल द्वारा बंदियों के कौशल से निर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। रेशम विभाग ने रेशम की खेती एवं प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी के साथ निर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा हस्तशिल्प के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी तथा वन विभाग द्वारा वन संपदा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur