Breaking News

अम्बिकापुर@ हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय,उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Share


महाशिवरात्रि पर अंबिकापुर सहित जिलेभर में भक्ति का उत्सव,मंदिरों में रहा मेले जैसा माहौल
अम्बिकापुर,15 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। शिवालयों में दिनभर हर-हर महादेव और बोलबम के जयकारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध,शहद, घी, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर शिवलिंग का अभिषेक किया। शहर के शंकरघाट स्थित शिव मंदिर में विशेष रूप से मेले जैसा वातावरण रहा, जहां सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा पुलिस लाइन स्थित शिव-गौरी मंदिर,शिव शक्ति मंदिर (स्टेडियम परिसर), महाकालेश्वर मंदिर (नवापारा), नामनाकला पावर हाउस शिव मंदिर सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
पूरे दिन चला भंडारे का आयोजन : महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर समितियों एवं पूजा समितियों द्वारा पूर्व से ही तैयारियां की गई थीं। आयोजन स्थलों पर समिति सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।शहर में जगह-जगह भंडारे आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शिवालयों में भजन-कीर्तन और भोलेनाथ के भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शंकरघाट में विशाल भंडारे का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
46 साल पुरानी परंपरा के तहत निकली भगवान शिव की भव्य बारात
महाशिवरात्रि पर प्रतापपुर रोड स्थित सहेली गली से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। यह परंपरा पिछले 46 वर्षों से चली आ रही है। प्राचीन वाद्ययंत्रों और अलग-अलग टोलियों के साथ बाराती नाचते-झूमते नगर भ्रमण पर निकले। बारात का जगह-जगह स्वागत किया गया। शाम को बारात पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर पहुंची, जहां भगवान शिव एवं माता पार्वती का विवाह विधिवत संपन्न हुआ। सोमवार को केदारपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में महाआरती के बाद शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंडली अध्यक्ष राम परीखा पांडेय,भोलानाथ विश्वकर्मा,संजय कुमार मिश्रा, किशोर प्रसाद गुप्ता, प्रमोद मिश्रा, हरिगोविंद गुप्ता सहित अन्य सदस्य एवं मोहल्लेवासियों का सहयोग रहा।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply