बच्चों ने आरती,तिलक और पुष्पवर्षा कर किया माता-पिता का सम्मान
सूरजपुर,15 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मातृ-पितृ दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला उरांवपारा, मदनेश्वरपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, विद्यालय परिसर में स्नेह, सम्मान और संस्कारों से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला,कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं विद्यालय प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के सम्मान और सेवा का संकल्प लिया।
प्रधानाध्यापक का संदेश
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय साहू ने अपने संबोधन में कहा कि माता-पिता हमारे प्रथम गुरु होते हैं, उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रारंभ से ही सम्मान, सेवा और कृतज्ञता का भाव विकसित करना आवश्यक है, उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत करते हैं, बल्कि पारिवारिक संबंधों को भी सुदृढ़ बनाते हैं,कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मातृ-पितृ दिवस का यह आयोजन शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।
भावनाओं से भरा पूजन समारोह
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता की आरती उतारी,तिलक लगाया और पुष्पवर्षा कर उनका पूजन किया, नन्हे विद्यार्थियों द्वारा माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने का दृश्य अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा, विद्यालय प्रबंधन के अनुसार लगभग 100 बच्चों ने इस विशेष आयोजन में भाग लेकर अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
रचनात्मक गतिविधियों में दिखा उत्साह
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चित्रकला,कविता-पाठ, भाषण, समूह गीत एवं धन्यवाद-कार्ड निर्माण जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया,बच्चों ने अपने प्रस्तुतियों के माध्यम से माता-पिता के त्याग,प्रेम और जीवन में उनके महत्व को प्रभावी ढंग से व्यक्त किया,कई विद्यार्थियों ने भावपूर्ण कविताओं के जरिए अपने मन की बात रखी, जिससे उपस्थित अभिभावकों की आंखें नम हो गईं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur