बैकुण्ठपुर,15 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश के मुख्यमंत्री 16 एवं 17 फरवरी 2026 को कोरिया जिले के प्रवास पर रहेंगे,निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 फरवरी की शाम को जिले में आगमन के बाद वे हेलीपैड से सीधे ग्राम कूड़ेली पहुंचेंगे, जहां वे कद्दावर आदिवासी नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्व. फलेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे,यह पहला अवसर होगा जब किसी मुख्यमंत्री का आगमन स्व.फलेंद्र सिंह के निवास पर होगा,इसे जनसेवा और राजनीतिक समर्पण के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।
सरल स्वभाव और सर्वसमाज में लोकप्रिय नेतृत्व
स्व. फलेंद्र सिंह आदिवासी समाज से आने वाले प्रभावशाली नेता थे। वे लंबे समय तक भाजपा से जुड़े रहे और संगठन विस्तार तथा जनाधार वृद्धि के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे, स्थानीय लोगों के अनुसार वे सरल,सहज और सर्वसमाज में लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे,जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल को विकासोन्मुख और जनसरोकारों से जुड़ा माना जाता है।
राजनीतिक संदेश भी अहम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि आदिवासी समाज और जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का संदेश भी है, बताया जा रहा है कि पूर्व में भाजपा के 15 वर्षों के कार्यकाल के दौरान कोई मुख्यमंत्री उनके निवास तक नहीं पहुंचा था,अब जब प्रदेश में भाजपा की चौथी पारी है, तो मुख्यमंत्री का उनके घर जाना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है,यह कदम संगठन के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है,ग्राम कूड़ेली में सुरक्षा व्यवस्था, मार्ग निरीक्षण और अन्य तैयारियां की जा रही हैं,अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
श्रद्धांजलि से बढ़कर संदेश
स्व. फलेंद्र सिंह के निवास पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति को केवल श्रद्धांजलि नहीं,बल्कि आदिवासी नेतृत्व और जमीनी राजनीति को सम्मान देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है,यह दौरा न केवल परिवार के लिए भावनात्मक क्षण होगा, बल्कि जिले की राजनीति और आदिवासी समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आएगा—कि जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को समय के साथ भुलाया नहीं जाता।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur