महिलाओं के उत्थान,आर्थिक सशक्तिकरण और सुरक्षा पर बजट प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। संकल्प भवन भाजपा जिला कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 के परिप्रेक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा महिला संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह एवं वक्ता के रूप में निष्ठा पांडेय उपस्थित रहीं। बैठक में केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं के उत्थान, आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार, कौशल विकास एवं सुरक्षा के लिए किए गए प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य वक्ता फुलेश्वरी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, लघु एवं कुटीर उद्योगों में प्रोत्साहन देने, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने तथा मातृ-स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह बजट उसी संकल्प को मजबूत करता है। अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की जिम्मेदारी है कि बजट की महत्वपूर्ण जानकारियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संवाद और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। वक्ता निष्ठा पांडेय ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, स्वरोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समाज की बहनों को इन योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, जिला महामंत्री अरुणा सिंह, महिला मोर्चा जि़लाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े, नीलू गुप्ता, प्रियंका चौबे , किरन मिश्रा, शकुंतला पांडेय, सुषमा गुप्ता , पूनम मिश्रा, अल्पना मिश्रा , रीना भारती , अनुराधा गोस्वामी, गुंजन सिंह , कौशलया राजवाड़े , रजनी बिंद, सीमा पैकरा, देवेन्द्र देवी, रातरानी, मीरा बैरागी, नंदनी, बिना दुबे, सीमा उपाध्याय, सुधा शर्मा, बबली नेताम , सीमा कश्यप , हेमलता, गणेश्वरी चौहान, नेहा सोनवानी, बुधमेत, प्रभा यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur