Breaking News

कोरिया,पटना@ पटना में चोरों का ‘स्वागत संदेश, नए थाना प्रभारी के आते ही मुख्य मार्ग पर डकैती जैसी चोरी, एक ही रात दो दुकानों के ताले टूटे

Share


ताले टूटे, भरोसा भी” — नए थाना प्रभारी के आते ही पटना में चोरों की ‘नाइट शिफ्ट’, एक रात में दो वारदातों से हिली सुरक्षा व्यवस्था
नए थाना प्रभारी के प्रभार संभालते ही मुख्य मार्ग पर चोरी, शाही डेली नीड्स का ताला टूटा, पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
कोरिया, पटना 12 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, हाल ही में पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी तबादला सूची के बाद जहां नए थाना प्रभारी ने पदभार ग्रहण किया, वहीं उनके कार्यभार संभालते ही चोरों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग से लगी एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी, 11 फरवरी की देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्थित शाही डेली नीड्स नामक दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए।
बता दे की नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करते ही पटना नगर में चोरों ने मानो “स्वागत कार्यक्रम” आयोजित कर दिया, फर्क सिर्फ इतना रहा कि यहां फूल-मालाओं की जगह लोहे की रॉड और ताले तोड़ने की आवाजें गूंजीं। राष्ट्रीय राज्यमार्ग से सटे सबसे व्यस्त इलाके में स्थित शाही डेली नीड्स का ताला तोड़कर नकदी और सामान पार कर दिया गया। इतना ही नहीं, उसी रात पाण्डवपारा मेन रोड स्थित एक सैलून को भी चोरों ने निशाना बना डाला, लगातार दो वारदातों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है — क्या चोरों के हौसले बुलंद हैं या पुलिस गश्त महज कागजी दावों तक सीमित है?
अस्पताल के सामने ही असुरक्षित बाजार! घटना स्थल कोई सुनसान गली नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने का इलाका है, यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है। राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर वाहनों का शोर और अस्पताल में मरीजों की हलचल के बीच चोरी की घटना होना खुद में गंभीर सवाल खड़े करता है, व्यापारियों का कहना है — “अगर अस्पताल के सामने की दुकान सुरक्षित नहीं, तो बाकी शहर भगवान भरोसे है।”
पहले कैमरा बंद, फिर ताला ध्वस्त- सूत्रों के अनुसार चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काटा गया, ताकि पहचान न हो सके। आसपास लगे कैमरों में मुंह ढंके एक युवक के हाथ में रॉड लिए घूमने की तस्वीर सामने आई है, यह साफ संकेत देता है कि चोरी अचानक नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई।
मेडिकल दुकान भी थी निशाने पर- शाही डेली नीड्स के बगल में स्थित मेडिकल दुकान को भी चोरों ने टारगेट किया। वहां लगे कैमरे को बंद करने की कोशिश हुई, लेकिन सफल नहीं हो पाए, नतीजतन वहां वारदात नहीं हो सकी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर इलाके की रेकी पहले ही कर चुके थे।
पाण्डवपारा में सैलून से नगदी पार- एक ही रात में दूसरी घटना पाण्डवपारा मेन रोड पर हुई, जहां एक सैलून का ताला तोड़कर नगद और सामान लेकर चोर फरार हो गए। लगातार दो घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह कोई इक्का-दुक्का वारदात नहीं, बल्कि सिलसिलेवार सक्रियता का संकेत है।
व्यापारियों का फूटा गुस्सा- नगर के व्यापारियों में डर और आक्रोश दोनों है। उनका कहना है कि पुलिस नियमित गश्त का दावा करती है, लेकिन चोरों की यह बेखौफ हरकत उन दावों पर सवालिया निशान लगा रही है, कई व्यापारियों ने मांग की है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध तत्वों की निगरानी हो, बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट लगाया जाए।
क्या यह नए प्रभारी को खुली चुनौती?- नगर में यह चर्चा जोरों पर है कि नए थाना प्रभारी के आते ही चोरों ने वारदात कर “अपनी मौजूदगी” दर्ज करा दी, व्यस्ततम इलाके का चयन कर ताले तोड़ना कहीं न कहीं पुलिस तंत्र को सीधी चुनौती माना जा रहा है।
पहले भी सुर्खियों में रहा क्षेत्र- पटना क्षेत्र पहले से कोयला चोरी और ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चित रहा है। कई मामलों में आज तक ठोस खुलासा नहीं हो पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सख्ती नहीं हुई तो क्षेत्र चोरों के लिए सुरक्षित अड्डा बन सकता है।
अब क्या करेंगे नए थाना प्रभारी?- नए प्रभारी के सामने यह पहली बड़ी परीक्षा है, चोरी की इन घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी करना अब उनकी कार्यशैली की पहली कसौटी मानी जा रही है, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
हाइलाइट बॉक्स
एक ही रात दो दुकानों के ताले टूटे
अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर चोरी
सीसीटीवी तार काटकर वारदात
व्यापारियों में दहशत, गश्त पर सवाल


Share

Check Also

रायपुर@सट्टेबाजी गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा,विदेशी नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

Share रायपुर,24 अप्रैल 2026। ऑनलाइन सट्टा एप 3 Stumps से जुड़े बड़े नेटवर्क पर रायपुर …

Leave a Reply