,
घायल दोस्त को अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा
सूरजपुर/ जरही,11 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। घायल दोस्त को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे तीन युवकों की बाइक को कोयला लोड ट्राला ने टक्कर मार दी, हादसे में एक युवक ट्राला के पहिए के नीचे आकर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और कोयला वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताई।
घायल दोस्त को अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा-भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मायापुर द्वितीय निवासी ननकू (29 वर्ष) पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसकी हालत बिगड़ने पर गांव के ही संतोष और गदे राम उसे बाइक से सोनगरा अस्पताल ले जा रहे थे। बाइक क्रमांक सीजी 15 डीएम 1871 संतोष चला रहा था और तीनों युवक घायल की जान बचाने की जल्दबाजी में तेज गति से अस्पताल की ओर बढ़ रहे थे।
कोयला लोड ट्राला ने मारी टक्कर- स्टेट हाईवे पर सामने चल रहे कोयला लोड ट्राला क्रमांक सीजी 15 ईएच 8375 ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी,टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठे गदे राम ट्राला के पिछले पहिए की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो युवक गंभीर,जिला अस्पताल रेफर-दुर्घटना में घायल ननकू और संतोष को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सोनगरा अस्पताल पहुंचाया गया,प्राथमिक उपचार के बाद ननकू की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जबकि संतोष को भी चोटें आई हैं।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगाया जाम-जैसे ही युवक की मौत की खबर गांव पहुंची,शोक की लहर दौड़ गई,बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर कोयला वाहनों की बेलगाम रफ्तार और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
कोयला ट्रांसपोर्ट बना खतरा? ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज गति, ओवरलोडिंग और लापरवाही के कारण यह मार्ग हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। लोगों ने सड़क पर स्पीड कंट्रोल, पुलिस निगरानी और भारी वाहनों पर सख्ती की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur