1143 मतदाताओं के नाम हटाने के प्रयास का आरोप, जांच की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर शहर की राजनीति में विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा से जुड़े कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से ऑनलाइन फार्म-7 भरकर एक वर्ग विशेष के मतदाताओं के नाम विलोपित कराने की कोशिश की गई है। कांग्रेस की ओर से राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से भेजी गई शिकायत में बताया गया है कि शहर में अब तक 1143 ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया गया है, जिनके नाम नियम विरुद्ध तरीके से हटाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस का दावा है कि पूरे जिले में यह संख्या कई हजार तक हो सकती है। शिकायत में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंशुल श्रीवास्तव, पार्षद पति विकास गुप्ता, पार्षद प्रत्याशी रहे विशेष केशरवानी, पूर्व पार्षद अवधेश सोनकर सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि अलग-अलग मतदान केंद्रों के मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फार्म-7 भरे गए। कांग्रेस ने कहा कि निर्वाचन नियमों के अनुसार फार्म-7 भरने वाला व्यक्ति उसी मतदान केंद्र का मतदाता होना चाहिए, जबकि 99 प्रतिशत मामलों में यह शर्त पूरी नहीं हुई। इसके अलावा जिन मतदाताओं के नाम हटाने की अनुशंसा की गई, उनमें निर्वाचित पार्षद, पूर्व पार्षद, बीएलओ और अन्य शासकीय कार्यालयों में जिम्मेदार पदों पर कार्यरत लोग भी शामिल हैं, जो अभी भी संबंधित वार्ड में निवासरत हैं।
फार्म निरस्त करने और कार्रवाई की मांग : कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिए ज्ञापन में मांग की है कि नियम विरुद्ध भरे गए सभी फार्म-7 तत्काल निरस्त किए जाएं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी देकर फार्म भरने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने गए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, आशीष वर्मा, पार्षद हसन खान, मेराज रंगरेज, शुभम जायसवाल, जीवन यादव, जमील खान, शानू मुखर्जी, अमित सिन्हा, अविनाश कुमार, अंशु सिंह, मिथुन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
निर्वाचन अधिकारी ने
जांच का भरोसा दिलाया
इस मामले को लेकर स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वहीं निर्वाचन अधिकारी की ओर से शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur