Breaking News

अम्बिकापुर@लाइसेंसी बंदूक लूट का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Share


कसाबेल से पकड़ा गया आरोपी, लूटी गई बंदूक बरामद

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। नवापारा क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक लूटने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कसाबेल (जिला जशपुर) से पकड़ा गया, जिसके कब्जे से लूटी गई बंदूक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी अमोद कुमार एक्का, जो पंजाब एंड सिंध बैंक अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, 8 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे अपने पुराने किराये के मकान नवापारा से नया सामान शिफ्ट कर रहे थे। ऑटो में जगह नहीं होने के कारण वे अपनी लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल प्रतापपुर नाका की ओर जा रहे थे। नवापारा-कुम्हारपारा ढलान के पास एक व्यक्ति ने पीछे से आकर बातचीत की और मोटरसाइकिल पर छोडऩे की बात कही। जैसे ही प्रार्थी बैठने लगा, आरोपी बंदूक लूटकर मौके से फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 72/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को कसाबेल से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा (45 वर्ष), निवासी महादेवडांड बीसबहरी, थाना बगीचा जिला जशपुर बताया।
आरोपी ने बंदूक लूट की घटना स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से बंदूक बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply