Breaking News

अम्बिकापुर@भीषण आगजनी में तीन दुकानें जलकर खाक

Share


फर्नीचर शोरूम से शुरू हुई आग ने दो अन्य दुकानों को लिया चपेट में


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के अंबेडकर चौक के समीप मंगलवार तडके भीषण आगजनी की घटना में एक फर्नीचर शोरूम,सेकेंड हैंड दोपहिया वाहन शोरूम और एक होटल जलकर खाक हो गया। तीनों प्रतिष्ठान एक ही लाइन में स्थित थे और अल्बेस्टर शीट से निर्मित होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत संभवतः मारुति फर्नीचर शोरूम से हुई, जिसने देखते ही देखते आसपास के होटल और निहारिका ऑटोडील सर्विसिंग सेंटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। होटल में रखे दो गैस सिलेंडरों के फटने से आग और विकराल हो गई। जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक के पास स्थित मारुति फर्नीचर शोरूम का संचालन एमजी रोड निवासी राकेश अग्रवाल करते हैं। शोरूम में फर्नीचर के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सामान और ऑटो ई-रिक्शा का भी कारोबार किया जाता था। इसके दोनों ओर चाय-नाश्ते का होटल तथा निहारिका ऑटोडील सर्विसिंग सेंटर संचालित है, जिसका संचालन सुनील व सुशील गोयल करते हैं। सोमवार रात सभी संचालक अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे राहगीरों ने शोरूम में आग लगने की सूचना संचालक को दी। सूचना मिलते ही संचालक परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक आग तीनों दुकानों में फैल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। दमकल टीम करीब सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। तब तक तीनों प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे। सबसे अधिक नुकसान मारुति फर्नीचर शोरूम को हुआ है।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी
आग होटल तक पहुंचने के बाद वहां रखे दो गैस सिलेंडर एक-एक कर जोरदार धमाके के साथ फट गए। सिलेंडरों के टुकड़े दूर तक जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फर्नीचर शोरूम में बड़ी मात्रा में सामान भरा हुआ था। आग की चपेट में आने से ऑटो ई-रिक्शा,अलमारी, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री सहित अन्य फर्नीचर जलकर खाक हो गया। संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही जा रही है।
आग बुझाने में लगा 10 टैंकर पानी
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के टैंकरों के साथ पुलिस विभाग के वज्र वाहन, आडानी तथा एयरपोर्ट से दमकल वाहनों की सहायता ली गई। करीब 10 टैंकर पानी का उपयोग किया गया। आग बुझने के बाद भी दोपहर तक धुआं निकलता रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply