-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट के सपनादर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सडक किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार 8 लोग घायल हो गए। सभी लोग फलदान कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार सपनादर से कार में सवार होकर आठ लोग दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा दमाली गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सपनादर के पास वाहन तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गया और सडक किनारे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मनिजर यादव (25), रामभजन (18), तुलेश्वर (27), पप्पू (18), जितेंद्र (28), प्रेमनाथ (30), करण यादव (19) और अनिल यादव (25) शामिल हैं।
दरिमा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं मिला
घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए दरिमा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। अस्पताल में केवल दो नर्सें थीं, जिन्होंने डॉक्टर के अभाव में भर्ती लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur