-संवाददाता-
कोरबा,07 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। इसी क्रम में थाना उरगा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक स्क्रैप यार्ड में अवैध रूप से भारी मात्रा में चोरी से संबंधित लोहे का सामान, हाइवा, ट्रेलर एवं ट्रक के पुर्जे संग्रहित कर रखे गए हैं। सूचना पर थाना उरगा पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई। जांच के दौरान स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम पिता मोह. मुरजा,उम्र 33 वर्ष, निवासी प्लॉट नं. 23,टी.पी. नगर,कोरबा (छ.ग.) मौके पर उपस्थित मिला। यार्ड में रखे गए वाहनों के पुर्जे एवं लोहे के सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहने पर उसके द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। दस्तावेजों के अभाव में उक्त सामग्री के अवैध होने की आशंका पर पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे का सामान लगभग 1200 टन, अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। नगर निगम टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद किया गया। उक्त प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur