फर्जी दस्तावेज बनाकर खिलाड़ी से ऑनलाइन वसूली,कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। देश-विदेश में क्रिकेट टूर्नामेंट खिलाने का झांसा देकर एक खिलाड़ी से 15 लाख 38 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मृगांक सिन्हा (40 वर्ष), निवासी त्रिकोण चौक, अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी अजय कुमार वर्मा (निवासी हरदोई, उत्तरप्रदेश) की मुलाकात वर्ष 2021 में नेपाल क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को क्रिकेट संघ से जुड़ा बताते हुए विदेशी टूर्नामेंट में खेलने का लालच दिया और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पैसे जमा कराना शुरू किया। आरोपी ने चयन व विदेशी दौरे से जुड़े फर्जी दस्तावेज मोबाइल पर भेजते हुए पेटीएम,गूगल पे व फोन पे के माध्यम से लगातार रकम वसूल की। इसके बाद प्रार्थी को छत्तीसगढ़ बुलाकर भी अतिरिक्त राशि ली गई। कुल मिलाकर आरोपी ने 15.38 लाख रुपये की ठगी की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर से जानकारी ली, जहां संबंधित क्रिकेट संस्था को मान्यता प्राप्त नहीं होने की पुष्टि हुई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को पकडकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur