- कटकोना कॉलरी में चोरों का ‘रात का राज’ — श्रमिक आवासों की छतों पर तांडव
- तांबे के तार से लेकर घरों के जाल तक साफ, कटकोना में सुरक्षा फेल!
- पुलिस गश्त गायब, चोरों के हौसले बुलंद — एसईसीएल क्षेत्र में दहशत
- एसईसीएल कटकोना में चोरी का आतंक, रातभर छतों पर ‘नाच’ रहे चोर
- सुरक्षा शून्य, चोरी पूरी स्पीड में — कर्मचारी परिवार डर के साए में
- बंद खदान से श्रमिक घरों तक पहुंचे चोर, प्रशासन पर उठे सवाल
- कटकोना में चोर ‘ड्यूटी’ पर, सुरक्षा सिर्फ कागजों में!
- जहाँ पुलिस नहीं, वहाँ चोर सही — कॉलरी क्षेत्र में अराजकता
- डीजल पुलिस का, डर चोरों का गायब — कटकोना बना आसान निशाना
बैकुंठपुर 06 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। एसईसीएल सह क्षेत्र कटकोना कॉलरी में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अब चोर केवल बंद खदानों और औद्योगिक परिसरों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि श्रमिकों के आवासों की छतों पर चढ़कर चोरी और उत्पात मचा रहे हैं, रात होते ही क्षेत्र में भय का माहौल बन जाता है और कर्मचारी परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था लगभग नदारद है और पुलिस गश्त की कमी ने चोरों के हौसले और बुलंद कर दिए हैं।
रात में ‘तांडव’, तांबे के तार मुख्य निशाना- जानकारी के अनुसार, चोरों का गिरोह खास तौर पर तांबे के विद्युत केबल और लोहे के सामान को निशाना बना रहा है, बंद पड़ी खदानों, पावर हाउस और अन्य औद्योगिक स्थलों पर बार-बार चोरी की कोशिशें हो रही हैं, कर्मचारियों का कहना है कि चोरों को अच्छी तरह पता है कि एसईसीएल क्षेत्र में कौन-सी चीजें महंगी हैं और उसी हिसाब से वे केबल काटकर ले जाते हैं, जिन्हें बाद में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई छोटा-मोटा गिरोह नहीं, बल्कि संगठित तरीके से काम करने वाला समूह है, जो लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल– कटकोना क्षेत्र में मौजूद पुलिस सहायता केंद्र पर अक्सर ताला लटका रहने की बात सामने आई है, लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्त लगभग नहीं के बराबर रहती है, इसी वजह से चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते हैं, कुछ कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की गाडç¸यां एसईसीएल के डीजल से चलती हैं, लेकिन क्षेत्र में हो रही चोरी रोकने के लिए गंभीर प्रयास नजर नहीं आते।
चोरी रोकने पर कर्मचारियों से बदसलूकी- कई कर्मचारियों ने बताया कि जब भी चोरी रोकने की कोशिश की जाती है, चोर आक्रामक हो जाते हैं, कुछ मामलों में कर्मचारियों को बंधक बनाने, पथराव करने और धमकाने तक की घटनाएं सामने आई हैं, इससे श्रमिकों और उनके परिवारों में डर का माहौल बना हुआ है।
अब श्रमिक आवास भी नहीं सुरक्षित- सबसे चिंताजनक बात यह है कि चोर अब श्रमिक आवासों को भी निशाना बना रहे हैं। लोगों का कहना है कि रात में बदमाश छतों पर चढ़कर एल्यूमिनियम के जाल उखाड़ लेते हैं, दरवाजों पर दस्तक देकर लोगों को डराते हैं और आसपास पथराव भी करते हैं, एक कर्मचारी ने बताया, “रात में हर आवाज पर डर लगता है, बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार दहशत में जी रहा है। अब घर भी सुरक्षित नहीं रहे।”
पिछले कई वर्षों से जारी है चोरी का सिलसिला- कटकोना कॉलरी क्षेत्र में केबल चोरी और लोहे के सामान गायब होने की घटनाएं कोई नई नहीं हैं, पिछले कई सालों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन चोरों के गिरोह तक पुलिस की पहुंच अब तक नहीं हो सकी है, सवाल यह भी उठ रहा है कि चोरी का सामान खरीदने वाले लोग कौन हैं और उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल- स्थानीय कर्मचारियों का आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन अपनी परिसंपत्तियों की निगरानी तक सीमित नजर आता है, जबकि श्रमिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा, लोगों ने मांग की है कि कॉलरी क्षेत्र में सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाई जाए और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर नियमित गश्त शुरू की जाए।
लोगों की मांग — सुरक्षा बढ़े, चोरों पर लगे लगाम- क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, उनका कहना है कि यदि जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur