Breaking News

अम्बिकापुर@फिटनेस कोर्स के दौरान हादसा

Share

ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ आरक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत
अम्बिकापुर, 03 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर सोमवार रात हुए सडक हादसे में बिश्रामपुर थाने में पदस्थ वरिष्ठ आरक्षक अभय पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 10वीं वाहिनी बटालियन सिलफिली के समीप रात करीब 8.30 बजे हुआ, जब अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सरगुजा संभाग के पुलिसकर्मियों के लिए वर्तमान में विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में फिटनेस कोर्स संचालित किया जा रहा है। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत पचिरा निवासी वरिष्ठ आरक्षक अभय पांडेय भी 10वीं वाहिनी बटालियन में फिटनेस प्रशिक्षण ले रहे थे। सोमवार रात वे बाइक से सिलफिली बाजार दैनिक उपयोग का सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-43 पर बटालियन के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस और 10वीं वाहिनी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शव को देर रात मरच्यूरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। जयनगर पुलिस ने 10वीं वाहिनी के आरक्षक राजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभाग और परिवार में शोक
वरिष्ठ आरक्षक अभय पांडेय 2006 बैच के आरक्षक थे। वे अपने पीछे माता-पिता,पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग को भी अपूरणीय क्षति हुई है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और परिजन उपस्थित रहे।
सामाजिक पहचान भी थी…
अभय पांडेय गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडेय तथा होटल व्यवसायी प्रवीण पांडेय (भोलू) के छोटे भाई थे। उनके असमय निधन से क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply