Breaking News

सोनहत (कोरिया)@ सोनहत में मूसलाधार बारिश के साथ गिरे ओले

Share

,ठिठुरन बढ़ी-रबी फसलों को भारी नुकसान
सोनहत (कोरिया),0३ फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
फरवरी महीने में जहां लोगों को मौसम के सामान्य होने और गुलाबी ठंड से राहत की उम्मीद थी, वहीं मंगलवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित कर दिया। विकासखंड सोनहत सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई और ठंड एक बार फिर बढ़ गई।
ठंड में इजाफा, बाजारों में पसरा सन्नाटा
अचानक हुई बारिश और ओले गिरने के बाद क्षेत्र में बर्फीली हवाएं चलने लगीं। फरवरी के महीने में कड़ाके की ठंड की वापसी से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। बाजार और मुख्य सड़कों पर भीड़ कम हो गई और जनजीवन कुछ समय के लिए थम सा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मौसम में इस तरह की ओलावृष्टि कई वर्षों बाद देखने को मिली है, जिससे आमजन हैरान हैं।
प्रशासन से राहत की उम्मीद
ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यही रुख रहा तो आने वाले दिनों में फसलों को और नुकसान हो सकता है, लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कर राहत देने की मांग की है, मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है।
किसानों पर मौसम की मार
बेमौसम बारिश और ओलों ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी रबी की फसलें—विशेषकर गेहूं,चना, सरसों और अन्य दलहन—को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों ने बताया कि ओले गिरने से पौधे झुक गए और फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
सब्जी उत्पादकों को बड़ा झटका
ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर सब्जी उत्पादकों पर पड़ा है, टमाटर,गोभी और अन्य नकदी सब्जियों के पौधे टूटकर जमीन पर बिछ गए,जिससे आर्थिक नुकसान की संभावना बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply