Breaking News

कोरिया@मनरेगा पर घमासान,कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव,सरकार पर ‘हक छीनने’ का आरोप

Share

  • मजदूरी,रोजगार और राजनीति-मनरेगा आंदोलन में कांग्रेस की ताकत का प्रदर्शन
  • संख्याबल की परीक्षा में कांग्रेस पास,बैकुंठपुर में दिखी बड़ी भीड़
  • मनरेगा बचाओ के नाम पर कांग्रेस की सियासी ताकत का प्रदर्शन
  • मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शनः कोरिया कलेक्ट्रेट घेराव में दिखा बड़ा संख्याबल
  • मनरेगा बचाओ आंदोलन : बैकुंठपुर में कांग्रेस का घेराव,सरकार पर श्रमिक विरोधी फैसलों का आरोप
  • कांग्रेस का कलेक्ट्रेट मार्च सफल,संख्याबल से साधा सियासी संदेश


-रवि सिंह-
कोरिया,03 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत कांग्रेस द्वारा आयोजित कलेक्टर कार्यालय कोरिया घेराव कार्यक्रम को पार्टी नेताओं ने सफल बताया है। कांग्रेस की आमसभा छिंदडांड में आयोजित हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और बताया जाता है कि प्रदर्शन के दौरान एक बैरिकेड पार करने में भी कांग्रेसी सफल रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चल रहे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में व्यापक धरना-प्रदर्शन,आमसभा और कलेक्टर कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया, कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मजदूर शामिल हुए तथा प्रदर्शनकारियों ने एक बैरिकेड पार कर प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश भी की। पूरे कार्यक्रम के दौरान मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए गए।
संख्याबल पर दो नेताओं की सक्रियता चर्चा में…
कांग्रेस के अंदरूनी हलकों में आंदोलन के संख्याबल को लेकर भी चर्चा रही,पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यक्रम की सफलता के लिए बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति जरूरी थी,जिसमें पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बैकुंठपुर अशोक जायसवाल और पूर्व विधायक गुलाब कमरो की सक्रियता अहम रही, सूत्रों के अनुसार,बैकुंठपुर क्षेत्र से अशोक जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे, वहीं सोनहत क्षेत्र से पूर्व विधायक गुलाब कमरो के समर्थकों की भी अच्छी मौजूदगी देखने को मिली। जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय सिंह ने भी अपने स्तर पर लोगों को आंदोलन स्थल तक लाने में भूमिका निभाई।
निष्कासित कांग्रेसियोंकी मौजूदगी पर भी चर्चाएं
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के अंदर कुछ राजनीतिक चर्चाएं भी सामने आईं, पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा रही कि पूर्व विधायक बैकुंठपुर ने निष्कासित कांग्रेसियों के सहयोग से भी आंदोलन में संख्याबल बढ़ाने की कोशिश की,हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच इस विषय को लेकर चर्चा जरूर होती रही,बताया जा रहा है कि जिन निष्कासित नेताओं की बात हो रही है,उन्हें लेकर पहले भी पार्टी के अंदर मतभेद रहे हैं और कुछ चुनावों में हार के कारणों को लेकर भी अलग-अलग राय सामने आती रही है। हालांकि आंदोलन के मंच से इस मुद्दे पर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की गई।
कानूनी गारंटी से सामान्य योजना तक : अम्बिका सिंह देव कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पूर्व विधायक अम्बिका सिंह देव ने कहा कि मनरेगा पहले एक मजबूत कानूनी अधिकार था, लेकिन अब इसे केवल योजना बनाकर श्रमिकों के अधिकार कमजोर कर दिए गए हैं। उन्होंने महंगाई का हवाला देते हुए दैनिक मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये करने की मांग उठाई। उनके अनुसार, यदि मजदूरों को समय पर भुगतान और पर्याप्त काम नहीं मिला तो ग्रामीण आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं ने रखे अपने विचार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मनरेगा प्रभारी जेपी श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मनरेगा की कार्यप्रणाली में बदलाव से ग्राम सभा की भूमिका कम हो गई है।
वरिष्ठ नेता योगेश शुक्ला ने कहा कि मनरेगा को कांग्रेस ने कानून बनाकर हर हाथ को काम देने का प्रयास किया था, जिसे अब कमजोर किया जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े ने आरोप लगाया कि कई गांवों में मजदूरों को काम नहीं दिया जा रहा और मशीनों से कार्य कराए जा रहे हैं।
वहीं कांग्रेस नेता शैलेन्द्र सिंह ने बजट कटौती और तकनीकी प्रक्रियाओं को बढ़ाने को गरीब विरोधी नीति बताया।
छिंदडांड में आमसभा,फिर कलेक्ट्रेट की ओर कूच
कार्यक्रम की शुरुआत छिंदडांड में आयोजित आमसभा से हुई,जहां विभिन्न नेताओं ने मनरेगा की वर्तमान स्थिति,मजदूरों की समस्याओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ‘मनरेगा बचाओ’ और ‘मजदूरों को हक दो’ जैसे नारे लगाए गए।
सरकार पर मनरेगा कमजोर करने का आरोप
धरना प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे कमजोर कर रही है। उनका कहना था कि मजदूरों को समय पर रोजगार और भुगतान नहीं मिल रहा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे ‘श्रमिक विरोधी नीति’ बताते हुए सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
गुलाब कमरो का हमलाः ‘योजनाबद्ध तरीके से खत्म की जा रही मनरेगा ‘
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि गरीबों और किसानों की जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से इसे खत्म करना चाहती है। कमरो ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हक के लिए आंदोलन को और तेज करेगी।
जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने उठाए स्थानीय मुद्दे
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कोरिया जिले सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मजदूरों की मजदूरी महीनों से लंबित है, उन्होंने कहा कि मजदूरी दर जीवनयापन के अनुरूप नहीं है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं, उन्होंने सरकार से मनरेगा को मजबूत करने और भुगतान व्यवस्था सुधारने की मांग की।
तकनीकी प्रक्रियाओं और ऑनलाइन हाजिरी पर भी सवाल
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी ने कहा कि ऑनलाइन हाजिरी और जटिल प्रक्रियाओं के कारण अनपढ़ मजदूरों को परेशानी हो रही है।
सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक ने सोनहत जैसे वनांचल क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां मनरेगा ही ग्रामीणों की आजीविका का मुख्य आधार है और भुगतान में देरी से आदिवासी समुदाय प्रभावित हो रहा है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र साहू ने कहा कि गलत नीतियों के कारण मजदूर पलायन करने को मजबूर हैं और यदि भुगतान व पारदर्शिता में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।
ज्ञापन सौंपकर खत्म हुआ कार्यक्रम
धरना-प्रदर्शन और आमसभा के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर मनरेगा से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा, कार्यक्रम में पूर्व जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply