-संवाददाता-
अम्बिकापुर, 02 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। जायसवाल चित्र मंदिर गली में स्थित एक चिकित्सक के क्लीनिक का ताला तोडकर चोरों द्वारा कंप्यूटर,प्रिंटर सहित अन्य सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी गए सामानों की कीमत 60 से 70 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाला। जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीगंज रोड स्थित चित्र मंदिर गली में डॉ. राहुल गुप्ता का क्लीनिक है। शनिवार शाम वे रोज की तरह क्लीनिक बंद कर कुछ दूरी पर स्थित अपने घर चले गए थे। रविवार को क्लीनिक बंद रहा। सोमवार सुबह करीब 11.20 बजे जब वे क्लीनिक पहुंचे और ताला खोलने लगे, तो दरवाजे की कुंडी उखड़ी हुई मिली। अंदर जाने पर कंप्यूटर,प्रिंटर,सीपीयू,मॉनीटर, पुराना मोबाइल फोन, केबल और नए तारों का बंडल सहित अन्य सामान गायब था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक रविवार रात 11.58 बजे क्लीनिक परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। 12.03 बजे वह दो पल्लों वाले लकड़ी के दरवाजे पर जोर से लात मारता है, जिससे कुंडी टूट जाती है। इसके बाद वह कंप्यूटर सहित अन्य सामान समेटकर बाहर निकल जाता है।
फुटेज में यह भी सामने आया है कि चोर ने अंदर के दरवाजे का ताला तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। चिकित्सक ने बताया कि यदि अंदर का ताला टूट जाता, तो उन्हें और अधिक नुकसान उठाना पड़ता। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur