Breaking News

अम्बिकापुर@मुख्यमंत्री साय ने किया भाजपा जिला कार्यालय के नए भवन का भूमिपूजन

Share


दो करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक कार्यालय,पार्किंग समस्या से मिलेगी राहत


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को अंबिकापुर पहुंचे और भाजपा जिला कार्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन किया। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक सुविधाओं से युक्त कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान भाजपा कार्यालय अब छोटा पड़ रहा है और शहर के बीच स्थित होने के कारण पार्किंग की समस्या बनी रहती थी। नया भाजपा जिला कार्यालय राजमोहिनी भवन के पीछे स्थित खुले स्थान पर बनाया जाएगा। भूमिपूजन के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पंडितों द्वारा शंखनाद किया गया और हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। मुख्यमंत्री साय ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि भाजपा का वर्तमान कार्यालय समय और कार्यकर्ताओं की संख्या के अनुसार छोटा पड़ गया था। नए भवन के निर्माण से पार्किंग समस्या से मुक्ति मिलेगी और कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय कांग्रेस के लोग अटल बिहारी वाजपेयी को चिढ़ाते थे,जब भाजपा के केवल दो सांसद थे,लेकिन आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत का निर्माण कर रहे हैं—ऐसा भारत जो किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन कोई छेड़े तो छोड़ता भी नहीं।
मोदी गारंटी के वादों को किया पूरा : मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में किए गए मोदी गारंटी के अधिकांश वादों को सरकार ने पूरा किया है। छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति लागू की गई है। केंद्र का बजट देश के सुनहरे भविष्य के लिए बेहतर है,जिसमें स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा और इस बार का बजट भी प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है और 31 मार्च तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य रखा गया है। बस्तर में विकास की नई गंगा बहाई जाएगी।
सरगुजा की 14 सीटों का रिकॉर्ड बनाए रखने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा संभाग में भाजपा ने 14 की 14 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया है,जिसे बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करें।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply