सूरजपुर,15 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी के प्रभारी सचिन पायलट द्वारा जारी की गई ब्लॉक एवं शहर अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सूची जारी होते ही कांग्रेस संगठन के भीतर गुटीय समीकरण खुलकर सामने आ गए हैं, जहां एक ओर पैलेस समर्थक खेमा उत्साहित नजर आया, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समर्थक खेमे में निराशा और मायूसी का माहौल देखा गया, जारी सूची के अनुसार सूरजपुर शहर अध्यक्ष के पद पर मनोज डालमिया को नियुक्त किया गया है।
वहीं जिले के विभिन्न ब्लॉकों में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी इस प्रकार सौंपी गई है…
सूरजपुर शहर अध्यक्षः मनोज डालमिया
ग्रामीण सूरजपुर ब्लॉकः जफर हैदर
रामानुजनगर ब्लॉकः महेंद्र साहू मेही
प्रतापपुर ब्लॉकः जितेंद्र दुबे
भैयाथान ब्लॉकः याधात्री सिंह देव
सलका ब्लॉकः प्रदीप राजवाड़े
लटोरी ब्लॉकः अवध बिहारी टेकाम
प्रेमनगर ब्लॉकः अरविंद यादव
छह पद पैलेस व दो पद भूपेश समर्थक गुट में ब्लॉक अध्यक्ष का पद : सूत्रों के अनुसार जिले में घोषित कुल आठ ब्लॉक अध्यक्ष और एक शहर अध्यक्ष में से छह पद पैलेस समर्थक नेताओं को मिले हैं, जबकि दो पद भूपेश बघेल समर्थक गुट के हिस्से आए हैं,इसी असंतुलन को लेकर संगठन के एक धड़े में जहां खुशी और उत्साह है,वहीं दूसरे खेमे में असंतोष की चर्चा तेज हो गई है, कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय कई कार्यकर्ताओं को अपेक्षा के अनुरूप जिम्मेदारी नहीं मिलने से नाराजगी है, वहीं पैलेस समर्थकों का तर्क है कि पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक मजबूती,क्षेत्रीय संतुलन और जमीनी सक्रियता को आधार बनाकर यह सूची तैयार की है, राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह नियुक्तियां आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं,हालांकि गुटीय संतुलन को लेकर उठ रहे सवाल यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के भीतर सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है,फिलहाल नवनियुक्त अध्यक्षों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी गुटों को साथ लेकर चलना,संगठन को एकजुट रखना और आगामी चुनावी मुकाबले के लिए पार्टी को पूरी तरह तैयार करना होगा, सूरजपुर कांग्रेस में यह सूची जहां नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है,वहीं गुटीय राजनीति को भी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ले आई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur