-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने 192 नग नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक से ऑक्सिजन पार्क स्थित बधियाचुआं के पास बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। उडऩदस्ता टीम ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को उडऩदस्ता कार्यालय के सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबीर से सूचना मिली की रनपुर खुर्द निवासी हजरत अली ऑक्सीजन पार्क बधियाचुआं के पास एक व्यक्ति बाइक क्रमांक सीजी 15 ईजी 1662 से भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन की सप्लाई करने वाला है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी टीम के साथ ऑक्सीजन पार्क के पास सिविल ड्रेस में घेराबंदी कर बाइक सवार को रोकर तलाशी ली तो 96 नग रेक्सोजेसिक व 96 नग एविल इंजेक्शन पाया गया। जिसे बाइक सहित इंजेक्शन को जब्त कर आरोपी हजरत अली निवासी रनपुर खुर्द थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया है। जब्त नशीले इंजेक्शन की कीमत 2 लाख रुपए बताई जा रही है। उडऩदस्ता टीम ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। उक्त कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी, आबकारी प्रधान आरक्षक कुमारु राम,रमेश दुबे,अशोक सोनी एवं नगर सैनिक ओमप्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह,चंद्रावती तथा नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur