Breaking News

अम्बिकापुर@युवती ने अपने साथियों के साथ सिने में चाकू गोदकर की युवक की हत्या

Share


पुलिस ने आरोपी युवती को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के गांधीनगर वार्ड क्रमांक 7 में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना ने पूरे इलाके को चौंका दिया। देर रात एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई,और उसका शव सुबह के समय घटनास्थल पर पड़ा मिला। इस घटना की जानकारी गांधीनगर के पार्षद विपिन पांडेय ने पुलिस को दी,जिसके बाद गांधीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय बबलू मंडल के रूप में हुई,जो सुभाषनगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित बाबरा पेट्रोल पंप के पास रहता था। बबलू मंडल अपने परिवार का पालन-पोषण ठेले पर काम करके करता था। उसके बेटे दीप मंडल ने पुलिस को बताया कि रात 10.30 बजे तक उसके पिता घर के पास बैठे थे,लेकिन सुबह उसे यह सूचना मिली कि उसके पिता का शव गांधीनगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित अंकिता एग सेंटर के पास पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दीप और अन्य परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने जब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की,तो उसमें एक युवती और दो युवक हत्या की घटना को अंजाम देते हुए नजर आए। फुटेज में युवती मृतक बबलू मंडल से विवाद करते हुए यह कहती हुई दिखी, ‘तू मेरे को हाथ कैसे लगाया,तू जानता नहीं है कि मैं कौन हूं?’ इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाया और उन्होंने बबलू मंडल को चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। तीनों आरोपी बाद में घटनास्थल से फरार हो गए और निशिकांत भगत वाली गली की ओर भागे। पुलिस ने यह फुटेज सामने आने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती सोनिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार,सोनिया 20 वर्ष की नशे की आदी युवती है,जो शराब,गांजा और इंजेक्शन जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करती थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी सुधा मंडल ने बताया कि शुक्रवार शाम को युवती और एक युवक उनके पति के साथ मारपीट कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। सुधा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और उन्हें फांसी देने की अपील की है। गांधीनगर इलाके में नशे के कारोबार का बढ़ता प्रभाव इस घटना के बाद एक गंभीर मुद्दा बन गया है। पार्षद विपिन पांडेय ने भी इस पर चिंता जताते हुए कहा कि गांधीनगर अब नशे का गढ़ बनता जा रहा है। यहां शराब, गांजा,इंजेक्शन जैसे नशीले पदार्थों का कारोबार दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। यदि इस पर जल्द काबू नहीं पाया गया,तो आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस समस्या पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधीनगर में नशे का कारोबार युवाओं के लिए एक बड़ा आकर्षण बन चुका है। यहां के युवा शराब और गांजे के अलावा नशे के इंजेक्शनों के सेवन में भी शामिल हैं। यह पूरे इलाके के लिए चिंता का विषय बन चुका है। पुलिस ने नशे के कारोबार पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाने की बात की है,लेकिन अब यह देखना होगा कि क्या इस पर कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी। इस हत्या की घटना ने न केवल एक परिवार को प्रभावित किया है,बल्कि पूरे इलाके को इस बात की याद दिलाई है कि नशे का प्रभाव कितनी भयंकर स्थिति पैदा कर सकता है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है और दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या नशे की बढ़ती लत को रोकने के लिए किसी ठोस उपाय की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Share

Check Also

अंबिकापुर@6 महीने में चौथी फरारी : प्लेस ऑफ सेफ्टी और बाल संप्रेक्षण गृह 2-2 से बराबर,आखिर कब जागेगा बाल संरक्षण तंत्र ?

Share बैठक दिन में,रात में फिर फरारी…2012 से खाली जिला बाल संरक्षण अधिकारी का पद,प्रभारी …

Leave a Reply