-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। पैलेस रोड स्थित एक मोबाइल दुकान और उसके पास के घर में सोमवार की रात करीब 8.45 बजे अचानक आग लग गई। इस घटना में दुकान संचालक मनीष अग्रवाल और घर के मालिक विष्णु अग्रवाल को बड़ी राहत मिली,क्योंकि इस भीषण आगजनी में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, मोबाइल दुकान और घर का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक, मनीष अग्रवाल अपनी दुकान में मौजूद थे जब अचानक उन्हें जलने की गंध महसूस हुई। उन्होंने दुकान के चारों ओर देखा, लेकिन कोई विशेष कारण समझ में नहीं आया। जब वह बाहर निकले, तो देखा कि पास के घर में आग लग चुकी थी। जैसे ही उन्होंने यह देखा, आग मोबाइल दुकान में भी फैल गई और देखते ही देखते वह विकराल रूप ले ली। इस घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मोबाइल दुकान और घर का सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी के कारण का अंदेशा शॉर्ट-सर्किट से लगाया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को मोबाइल दुकान के संचालक और मकान मालिक ने इस घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई। आगजनी की इस घटना ने इलाके के लोगों को एक बड़ा झटका दिया, लेकिन सभी ने राहत की सांस ली कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur