
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर शहर में एक बार फिर ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। पिछले कुछ दिनों में मौसम में अचानक परिवर्तन आया है और ठंड ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। 24 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में बेहद गिरावट देखी गई है, जिससे लोग दिन के समय भी ठिठुरने को मजबूर हो रहे हैं। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस था,जबकि रविवार की रात यह गिरकर 4.8 डिग्री तक पहुंच गया। ठंड के कारण जनजीवन पर असर पड़ा है, और शुष्क हवाओं के साथ घने कोहरे ने हालत और खराब कर दिए हैं। सरगुजा संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण कुछ राहत महसूस की गई थी,लेकिन अब उस विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के बाद ठंड फिर से लौट आई है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार, पश्चिमोत्तरी ठंडी शुष्क हवाओं का प्रवाह अब लगातार जारी है, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है। रविवार की रात से न्यूनतम तापमान में यह गिरावट महसूस होने लगी, और सोमवार की सुबह घने कोहरे ने स्थिति और गंभीर बना दी। कोहरे के कारण सोमवार की सुबह दृश्यता केवल 10-20 मीटर तक ही सिमट गई। शहरी क्षेत्रों में तो लोग वाहन चालने में परेशानी महसूस कर रहे थे, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर थी। सडकों पर चलना मुश्किल हो गया था और दूर-दूर तक कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। वाहन चालकों को अपनी रफ्तार धीमी करनी पड़ी थी, और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। अंबिकापुर और इसके आस-पास के पाट क्षेत्रों में तापमान में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है। पाट क्षेत्रों का तापमान गिरकर 3 डिग्री तक पहुंच गया है। इस कारण सरगुजा जिले के मैनपाट और बलरामपुर जिले के सामरी पाट में ओस की बूंदें जमने लगी हैं। ठंड इतनी ज्यादा हो गई है कि लोग दिन में भी अलाव का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। विशेष रूप से वृद्ध और छोटे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए घर से बाहर निकलने में मुश्किल हो रही है।
ठंड से जनजीवन प्रभावित,स्वास्थ्य पर असर
ठंड में बच्चे भी काफी प्रभावित हो रहे हैं। सोमवार की सुबह, कक्षा नर्सरी से लेकर आठवीं तक के बच्चे घने कोहरे और शीतलहर के बीच स्कूल जाने के लिए मजबूर थे। ठंड की वजह से बच्चों का स्वास्थ्य बिगडऩे लगा है, और लगातार सर्दी-जुकाम, बुखार और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। चिकित्सकों ने ठंड से बचने के लिए अलाव के पास रहने,गर्म कपड़े पहनने और बाहर अधिक समय तक न रहने की सलाह दी है।
आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं दिख रही है। न्यूनतम तापमान और भी गिर सकता है,और अधिकतम तापमान में भी गिरावट का अनुमान है। पूरा संभाग शीतलहर और घने कोहरे के चपेट में रहेगा। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे के लिए एलो अलर्ट जारी किया है,और आने वाले दिनों में ठंड में और वृद्धि हो सकती है।
ठंड से बचने के उपाय
गंभीर ठंड को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। ठंड से बचने के लिए घरों में हीटर का इस्तेमाल करें और सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है ताकि लोग ठंड से बच सकें। ठंड के इस प्रकोप से न सिर्फ सर्दी का अहसास बढ़ा है, बल्कि इससे कई लोग बीमार भी हो सकते हैं। अगर जल्द ही राहत का कोई उपाय नहीं निकाला गया, तो ठंड के कारण जनजीवन में और भी परेशानी आ सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur