
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। दशम पातशाह गुरु गोविंद सिंह महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज द्वारा शनिवार को भव्य नगर कीर्तन (शोभायात्रा) का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन का शुभारंभ दोपहर 2 बजे गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से हुआ। यह शोभायात्रा महामाया चौक, सदर रोड,जय स्तंभ चौक,पोस्ट ऑफिस चौक होते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक निवास पहुंची। तत्पश्चात नगर कीर्तन गुरुद्वारा गुरु नानक निवास से ब्रह्म रोड एवं देवीगंज रोड होते हुए पुनः गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंची, जहां रात्रि में समापन हुआ। इस शोभायात्रा में पंज प्यारों के रूप में सतपाल सिंह छाबड़ा, गुरसेवक सिंह,नवराज सिंह बाबरा, हरमिंदर सिंह भामरा और गुरमीत सिंह भामरा शोभायमान थे और निशान साहिब की सेवा जसमीत सिंह छीना और गुरजोत सिंह चावला थे। नगर कीर्तन के दौरान गुरुवाणी की मधुर गूंज,कीर्तन और एक स्वर में संगत की अरदास ने पूरे नगर को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया। मार्ग में खड़े नागरिक भी श्रद्धा से नतमस्तक होकर इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने।
कार्यक्रम के समापन पश्चात गुरु का अटूट लंगर श्रद्धा एवं प्रेमपूर्वक वितरित किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरचरण सिंह छाबड़ा और सचिव हर्षप्रीत सिंह धन्जल सहित समाज के सभी वर्ग के लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी जगदीप सिंह छाबड़ा ने दी है।
गतका रहा आकर्षण का केन्द्र…
इस अवसर पर इंटरनेशनल गतका ग्रुप ‘दलेर खालसा’ द्वारा प्रस्तुत गतका (सिख मार्शल आर्ट) का शानदार और रोमांचक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने उपस्थित संगत एवं नगरवासियों का मन मोह लिया। नगर कीर्तन में बच्चे, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढकर सहभागिता की और सेवा, समर्पण एवं अनुशासन का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन में सिख मर्यादा, अनुशासन और सेवा भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur