57 मोबाइल मेडिकल यूनिट को दिखाई गई हरी झंडी,दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा
सूरजपुर,02 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजना के तहत छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, 01 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री एवं अन्य मंत्रीगण द्वारा 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस पहल से सूरजपुर जिले सहित प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा, सूरजपुर जैसे ग्रामीण और आदिवासी बहुल जिले में इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से प्राथमिक जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयाँ अब सीधे गांवों तक उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों तक लंबी दूरी तय करने की मजबूरी नहीं रहेगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।
जरूरतमंद क्षेत्रों पर विशेष फोकस : मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की लाइन-अप और तैनाती शासन स्तर पर की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सूरजपुर जिले के सबसे जरूरतमंद और दुर्गम इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रभावी ढंग से पहुँचें।
स्थानीय प्रतिक्रिया : इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता शिवम् दुबे ने कहा प्रधानमंत्री की यह योजना सूरजपुर जैसे आदिवासी बहुल जिले के लिए संजीवनी साबित होगी। इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों को समय पर इलाज मिलेगा और स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी।
जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता : यह पहल केंद्र और राज्य सरकार की जनस्वास्थ्य के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आने वाले समय में इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के संचालन से सूरजपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur