
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। 2026 का नया साल सरगुजा के लोगों के लिए आस्था,उमंग,और उत्साह के साथ आया। रात के 12 बजते ही शहरभर में लोगों ने एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहकर और गले मिलकर नए साल का स्वागत किया। इस मौके पर म्यूजिक सिस्टम की धुन पर लोग नाचे,और केक काटकर खुशियों का इजहार किया। नए साल के पहले दिन,लोगों ने पूजा-अर्चना से शुरुआत की और इसके बाद पार्कों और पिकनिक स्पॉट्स पर अपने परिवार के साथ समय बिताया। साल के पहले दिन शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। खासतौर से मां महामाया मंदिर में भक्तों का जमावड़ा लगा। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। लेकिन इस दौरान एक अप्रिय घटना घटी। जब मंदिर परिसर में श्रद्धालु पूजा कर रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। आग ने थोड़ी देर के लिए मंदिर परिसर में अफरातफरी मचाई, लेकिन स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से आग पर काबू पा लिया और किसी बड़े हादसे से बचाव किया।
पार्कों और पिकनिक
प्वाईंट पर उमड़ी भीड़
नए साल के पहले दिन शहर के संजय पार्क, वाटर पार्क और अन्य पिकनिक स्पॉट्स जैसे मैनपाट के टाइगर प्वाइंट,दलदली, घाघीटिकरा,बूढ़ाआमा,घुनघुट्टा डेम,सेदम आदि पर भी रौनक छाई रही। इन जगहों पर बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, तो वहीं युवाओं ने दोस्तों के साथ सेल्फी ली और मस्ती की। कई परिवारों ने पिकनिक का आनंद लिया और दिनभर खुशी-खुशी समय बिताया। अधिकांश लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ नजर आए, और सभी ने नए साल का स्वागत सैर-सपाटे और संकल्प के साथ किया।
रात से ही थी उत्सव की तैयारी
31 दिसंबर की रात से ही शहर में नए साल के जश्न की तैयारी शुरू हो गई थी। लोगों ने रात के 12 बजते ही पटाखों की आवाज से शहर को गुंजायमान कर दिया। गल्ली-मोहल्लों में डीजे और म्यूजिक सिस्टम की धुन पर लोग थिरकते हुए नजर आए। संजय पार्क और वाटर पार्क में युवाओं की भारी भीड़ रही,जहां वे सेल्फी लेते हुए और दोस्तों के साथ मस्ती करते हुए नए साल का जश्न मना रहे थे। पार्क में बच्चों की किलकारियों से माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
कड़े सुरक्षा इंतजाम
नए साल के जश्न को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। 31 दिसंबर की रात से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और पार्कों में पुलिस बल तैनात किया गया था। नए साल के पहले दिन भी धार्मिक स्थलों,पिकनिक स्पॉट्स और प्रमुख इलाकों में पुलिस सुरक्षा बनी रही,ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस द्वारा की गई यह व्यवस्था शहरवासियों के लिए सुरक्षा का अहसास दिलाने में सफल रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur