- हमने बनाया है, आप संवारेंगे’ से लेकर ‘हम संवार रहे हैं’ तक मनेन्द्रगढ़ में लोक कला,राजनीति और सकारात्मक संदेश का संगम
- सियासत जब शोर छोड़ संस्कृति से बोली….मनेन्द्रगढ़ में बदला लहजा
- श्रेय बनाम जिम्मेदारीः बहुरूपिया मंच से निकला विकास का असली विमर्श
- राजनीति की तल्ख़ी के बीच सौहार्द का अपवाद… संयोग या संकेत?
- मंच पर संवाद,संदेश साफ : बनाने वाले और संवारने वाले दोनों जरूरी
- हमने बनाया है, आप संवारेंगे’ से लेकर ‘हम संवार रहे हैं’ तक मनेन्द्रगढ़ में लोक कला, राजनीति और सकारात्मक संदेश का संगम


-रवि सिंह-
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़,01 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। नववर्ष की पूर्व संध्या पर मनेन्द्रगढ़ में आयोजित परंपरागत बहरूपिया महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह लोक कला,सामाजिक चेतना और राजनीतिक शालीनता का दुर्लभ संगम बन गया,रंग-बिरंगे वेश, सशक्त अभिनय और संदेशात्मक प्रस्तुतियों से सजी इस सांस्कृतिक संध्या ने देर शाम तक दर्शकों को बांधे रखा और मनेन्द्रगढ़ की जीवंत लोक परंपरा को नए आयाम दिए, महोत्सव के समापन समारोह में मंच पर जो दृश्य दिखा,वह आम सियासी आयोजनों से अलग था, भरतपुर-सोनहत के पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के बीच हुआ संवाद अब जिले ही नहीं, बल्कि सियासी गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है,बहरूपिया महोत्सव का यह आयोजन मनेन्द्रगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को तो समृद्ध करता ही है,साथ ही मंच पर दिखा सियासी सौहार्द जिले के विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत भी देता है,श्रेय और जिम्मेदारी के इस संतुलित संवाद के साथ महोत्सव एक यादगार और प्रेरक आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ।

हमने जिला बनाया…अब आप संवारेंगे…
विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मंच से सीधे मंत्री की ओर संकेत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को जिला बनाया गया,उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा हमने जिला बनाया है,अब प्रदेश में भाजपा की सरकार है और हमारे क्षेत्र के विधायक स्वास्थ्य मंत्री हैं,तो अब इसे संवारने की जिम्मेदारी आपकी है,उनके इस वक्तव्य को न तो कटाक्ष माना गया और न ही राजनीतिक तकरार,बल्कि इसे आगे की जिम्मेदारी सौंपने वाला सधा हुआ संदेश माना गया।
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का संतुलित और सकारात्मक जवाब
मुख्य अतिथि के रूप में मंच संभालते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने गुलाब कमरो की बात को उसी सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा बिल्कुल सही कहा आपने जिला बनाया है और हम इस जिले को पूरी शिद्दत से संवार रहे हैं,यहीं नहीं,मंत्री जायसवाल ने जिले के विकास का रोडमैप भी सामने रखा,उन्होंने मेडिकल कॉलेज,नई रेल लाइन विस्तार,फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे ले जाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।
लोक कला पर जोरः यह हमारी सांस्कृतिक पहचान की आत्मा है…
अपने उद्बोधन में मंत्री जायसवाल ने लोक कला के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा अंत भला तो सब भला,बहरूपिया जैसी लोक कलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की आत्मा हैं,इन्हें सहेजना समाज और शासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है,उन्होंने कहा कि लोक कलाकार समाज के दर्पण होते हैं,जिनकी प्रस्तुतियों में संस्कृति, संस्कार और सामाजिक संदेश एक साथ दिखाई देते हैं,मनेन्द्रगढ़ में यह परंपरा आज भी जीवंत है,जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
कलाकारों ने मोहा मन,पुरस्कारों से हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान बहरूपिया कलाकारों की एकल और सामूहिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पौराणिक चरित्रों के साथ सामाजिक संदेशों को जोड़ती प्रस्तुतियों ने लोक कला की गहराई और प्रासंगिकता को सशक्त रूप से सामने रखा, समापन अवसर पर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
एकल वर्ग
प्रथमः नरसिंह अवतार— अर्जुन यादव
द्वितीयः हेलमेट जागरूकता संदेश के साथ यमराज— पूर्व पार्षद गुरुचरण सिंह
तृतीयः करें योग,रहें निरोग संदेश के साथ नन्ही प्रतिभागी
समूह वर्ग
प्रथमः चिरमिरी के कलाकार—भील आदिवासी जीवन पर प्रस्तुति
द्वितीयः दानवीर कर्ण पर आधारित समूह प्रस्तुति
तृतीयः भगवान परशुराम और कर्ण का उत्कृष्ट अभिनय
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरो,भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पादेवी पावले,नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, आईबीसी 24 के वरिष्ठ एंकर पुनीत पाठक,नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति,पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक और कला प्रेमी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur