40 लाख की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद
अम्बिकापुर,31 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर के समीप स्थित ग्राम क्रांतिप्रकाशपुर में एक ट्रांसपोर्टर के गोदाम से 40 लाख रुपये की 300 पेटी ब्रांडेड अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। यह शराब हरियाणा से मंगवाई गई थी और इसे न्यू ईयर के अवसर पर बेचा जाना था। यह कार्रवाई संभागीय आबकारी उडऩदस्ता की टीम ने की,जो निरीक्षक रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में काम कर रही थी। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि क्रांतिप्रकाशपुर स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने गोदाम पर छापा मारा और वहां से 300 पेटी शराब बरामद की। यह शराब विभिन्न ब्रांड्स की थी और इसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह शराब हरियाणा से मंगवाई गई थी और इसका उद्देश्य नए साल के मौके पर इसे अवैध रूप से बेचना था। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर सौरभ सिंह ने इस शराब को अपने गोदाम में छिपाकर रखा था, लेकिन आबकारी विभाग की सक्रियता के कारण वह अपने मंसूबों को अंजाम नहीं दे सका। यह पहली बार नहीं है जब सौरभ सिंह पर कार्रवाई की गई हो। पिछले साल भी आबकारी विभाग ने इसी ट्रांसपोर्टर के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस दौरान भी 30 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की गई थी, जिसे सौरभ सिंह ने पंजाब से मंगवाया था। आबकारी विभाग ने उसकी गतिविधियों पर पिछले कुछ समय से कड़ी नजर रखी थी और इस बार भी उसे पकड़ लिया गया।
आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई
आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब के शौकीन पुराने वर्ष की विदाई और नए साल का स्वागत करने के लिए बड़े पैमाने पर शराब का सेवन करते हैं, और यही अवसर तस्करों के लिए अवैध शराब की आपूर्ति का कारण बनता है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीम की सक्रियता और कड़ी कार्रवाई से शराब तस्करों में हडकंप मच गया है। आबकारी विभाग ने इस मामले में ट्रांसपोर्टर सौरभ सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur