-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर से लगे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखरी का आकस्मिक निरीक्षण डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवायें ने किया। इस दौरान अस्पताल की सफाई, स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। निरीक्षण में डॉ. शुक्ला ने डॉक्टरों और कर्मचारियों से अस्पताल के संचालन में लापरवाही न करने की अपील की। विशेष रूप से टीबी और कुष्ठ रोग की जांच, अस्पताल के ओपीडी रजिस्टर की सही तरीके से संधारण और मरीजों से अच्छा व्यवहार स्थापित करने की हिदायत दी गई। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इनमें डॉ. सौरभ अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, फार्मासिस्ट, शांती खेस, वार्ड आया और विक्रम सिंह, वार्ड बॉय शामिल हैं। इसके अलावा, अब्दुल जाकिर, पुरूष पर्यवेक्षक, रूकमणी शर्मा, रवि जमके, सहायक ग्रेड-03, और सुधा एक्का,पीएडीए द्वारा दैनिक उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं किया गया था। संयुक्त सचालक ने शासकीय कार्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बताते हुए इन सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उन्हें तीन दिन के भीतर लिखित उत्तर प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
यदि उत्तर असंतोषजनक होता है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur