

सूरजपुर,29 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों एवं हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में आज युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया,यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेन्द्र यादव एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू के नेतृत्व में आयोजित हुआ,कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह से पदयात्रा करते हुए अग्रसेन चौक, सूरजपुर में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया तथा इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की विदेश नीति को विफल बताते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, मानवाधिकार और भारत की विदेश नीति को लेकर दबाव बनाने की राजनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
विदेश नीति पर सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं एवं अन्य अल्पसंख्यकों पर हमले हो रहे हैं,हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं और इसके बावजूद भारत सरकार की ओर से कोई ठोस व प्रभावी प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश सहित अन्य देशों में बढ़ती हिंदू-विरोधी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं, लेकिन इस पर केंद्र सरकार की चुप्पी समझ से परे है, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई नेताओं ने यह भी कहा कि बांग्लादेश के कट्टरपंथी संगठनों, विशेषकर जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों को लेकर भारत सरकार का विदेश विभाग एवं खुफिया तंत्र हालात का सही आकलन करने में विफल साबित हो रहा है। धर्म या राजनीति के आधार पर किसी भी प्रकार की हिंसा दुनिया के किसी भी हिस्से में अस्वीकार्य है।
दृढ़ रुख अपनाने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई कि वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह दृढ़ और सैद्धांतिक रुख अपनाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट संदेश दे। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाती है, तो कांग्रेस पार्टी देशहित में उसका समर्थन करेगी।
बड़ी संख्या में नेताऔर कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में शहर व जिले के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की सहभागिता देखने को मिली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur