Breaking News

अम्बिकापुर@व्यवसायी से 20 लाख रुपए की लूट…पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार…रुपए बरामद

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर के सतीपारा स्थित रानीसती मंदिर के पास रविवार की रात एक बड़ी लूट की घटना सामने आई, जिसमें दो युवक स्कूटी सवार मोबाइल व्यवसायी पर हमला कर 20 लाख रुपए से भरा झोला लूटकर फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज तीन घंटे में लूटे गए 18 लाख रुपए और घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया,और शेष 2 लाख रुपए भी बरामद कर लिए। जानकारी के अनुसार,अंबिकापुर निवासी अनिल अग्रवाल, जो ब्रह्मरोड में मोबाइल का थोक व्यवसाय करते हैं, रविवार रात अपने दुकान के बंद करने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके पास 20 लाख रुपए से भरा एक झोला था। जब वह रानीसती मंदिर के पास पहुंचे,तभी दो युवकों ने पीछे से आकर अनिल अग्रवाल पर डंडे से हमला कर दिया। हमला होते ही वह गिर पड़े और बेहोश हो गए। इस दौरान आरोपी युवकों ने उनके हाथ से झोला छीन लिया और फरार हो गए। कुछ समय बाद जब अनिल को होश आया, तो उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को भी इस लूट की जानकारी दी गई और व्यवसायी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई : घटना की जानकारी मिलते ही एसपी राजेश अग्रवाल ने सीएसपी राहुल बंसल को नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से रात करीब 12 बजे तक आरोपियों का पीछा किया और वे जगदीशपुर क्षेत्र के एक खेत में पहुंचे। वहां आरोपियों ने झोले में भरे पैसों का बंटवारा करना शुरू कर दिया था, लेकिन पुलिस को अपनी ओर आते देख दोनों आरोपी भाग खड़े हुए।
18 लाख रुपए बरामद
पुलिस ने मौके से 18 लाख रुपए और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों ने भागते वक्त झोला छोड़ दिया था, जिसमें 2 लाख रुपए ही बच गए थे। पुलिस ने उसे भी बाद में बरामद कर लिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास और रोहित दास शामिल हैं। दीपक दास अमगासी के खालपारा क्षेत्र का निवासी है, जबकि रोहित दास मणिपुर थाना क्षेत्र के भातुपारा गांव का रहने वाला है। दीपक दास व्यवसायी अनिल अग्रवाल के दुकान का पूर्व कर्मचारी था। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और उनकी गिरफ्तारी के बाद शेष लूटे गए पैसे भी बरामद किए।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply