-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। बुधवार को नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के सीएमएचओ, अस्पताल के एमएस, सिविल सर्जन और अन्य डॉक्टरों के साथ बैठक की, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। कलेक्टर ने अस्पताल के सभी वार्ड, सीटी स्कैन कक्ष, एमआरआई कक्ष और एमसीएच सहित अन्य विभागों का भी निरीक्षण किया।
अस्पताल प्रशासन ने कलेक्टर को कुछ प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया, जिनमें वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की कमी, रीएजेंट की उपलब्धता में परेशानी, और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का जिक्र किया। कलेक्टर ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा समुदाय के मरीजों को इलाज के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। कलेक्टर ने अस्पताल के स्टाफ से भी कहा कि मरीजों के साथ अच्छे व्यवहार किया जाए, और किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार न किया जाए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में केवल एक वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस उपलब्ध है, जबकि प्रतिदिन तीन से चार गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर करना पड़ता है। इससे गंभीर मरीजों को समय पर वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मामले में कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन से चर्चा कर जल्द वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की बात कही और इसकी व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने अस्पताल में रीएजेंट की कमी के बारे में भी बात की, जिसे अस्पताल प्रशासन ने बताया था। एमएस ने जानकारी दी कि रीएजेंट की खरीदी के लिए सीजीएमएससी से एनओसी की आवश्यकता होती है, और कई बार सीजीएमएससी डायरेक्ट सप्लाई करता है।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन से बात कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा, अस्पताल के सामने सडक पर अतिक्रमण की समस्या भी उठाई गई थी, जिस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त से चर्चा कर इसे खाली कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह स्पष्ट किया कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur