Breaking News

अम्बिकापुर@सर्व समाज ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान…कांकेर हिंसा और धर्मांतरण के खिलाफ कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में हाल ही में हुई हिंसा और कथित धर्मांतरण की घटनाओं के विरोध में सर्व समाज ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया, जिसका असर सरगुजा जिले में मिलाजुला रहा। सुबह से सर्व समाज के पदाधिकारियों ने अंबिकापुर शहर में दुकानों को बंद कराया, हालांकि दोपहर बाद व्यापारियों ने दुकानों के शटर खोल दिए। व्यापारियों का कहना था कि क्रिसमस के समय दुकानों के बंद होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य रूप से दुकानें खुली रहीं।
सर्व समाज ने गांधी चौक स्थित डाटा सेंटर के सामने सभा का आयोजन किया, जिसमें प्रमुख वक्ता अजय इंगोले ने कहा कि धर्मांतरण की घटनाएं हिन्दू समाज और हमारी संस्कृति पर सीधा हमला हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीधे-साधे जनजातीय समाज को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा है, जो सामाजिक समरसता को बिगाडऩे की कोशिश है। इंगोले ने इस मुद्दे पर सर्व समाज के सदस्यों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील की और कहा कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा के बाद सर्व समाज ने कलेक्टोरेट तक रैली निकाली, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सर्व समाज ने आरोप लगाया कि कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में ईसाई मिशनरी समूहों और भीम आर्मी के तत्वों ने जनजातीय समाज पर हमले किए, शवों को जबरन दफन किया और सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश की। सर्व समाज ने इसे गंभीर रूप से लिया और प्रदेशव्यापी बंद का आयोजन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक और जनजातीय प्रतिनिधि शामिल हुए। ज्ञापन में सर्व समाज ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया जाए और धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर होने वाले अवैध धर्मांतरण पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की गई है। सर्व समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी भी विशेष धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह संविधान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाए,तो वे अपने आंदोलन को और व्यापक करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


Share

Check Also

रायपुर@समृद्ध,संगठित और शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Share रायपुर,07 जून 2026। संगठित,शिक्षित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति …

Leave a Reply