रामानुजगंज,23 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिला वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमण्डलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना के नेतृत्व में सर्किल रामानुजगंज अंतर्गत बीट रामानुजगंज के चोरपहरी बैरियर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिला मंडलाधिकारी अधिकारी के निर्देश पर वन विभाग के द्वारा संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग के चेकिंग के दौरान एक ट्रक में सेमल लकड़ी लोड कर परिवहन किया जा रहा था। जिसको लेकर वन अमला ने लकड़ी लोड वाहन रोककर वाहन चालक मनोज भुईहर पिता मुनीब भुईहर (41 वर्ष) निवासी नवाडीह, तहसील-थाना चैनपुर, जिला पलामू (झारखण्ड) से लोडिंगमय वनोपज के संबंध में परिवहन अनुज्ञा पत्र (टीपी) की मांग कर जांच की गई। मौके पर प्रस्तुत टीपी तथा ऑनलाइन एनटीपीएस में उपलब्ध विवरण का मिलान करने पर दोनों टीपी अलग-अलग पाए गए, जिससे दस्तावेजों में अनियमितता स्पष्ट हुई।
अनियमितता पाए जाने पर लोडिंगमय वाहन ट्रक क्रमांक सीजी 15/5484 को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 33(1)(ड) एवं 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम, 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम, 2001 की धारा 41 नियम (3) के तहत कानूनी कार्यवाही की जा रही है। जप्ती की कार्यवाही के दौरान विजय सिंह उपवनक्षेत्रपाल, दयाशंकर सिंह, सुसन्ना भगत वनपाल,सहित वनरक्षक मंगलचन्द्र राम, पिन्टू मालाकार एवं धीरेश्वर प्रसाद उपाध्याय मौके पर उपस्थित रहे और नियमानुसार कार्यवाही संपन्न कराई गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur