Breaking News

अम्बिकापुर@लापता 11 वर्षीय बालिका 24 घंटे में मिली पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

Share


अम्बिकापुर,21 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर के कलाकेन्द्र मैदान स्थित मिनाबाजार में 20 दिसंबर को 11 वर्षीय बालिका मीना के लापता होने की घटना सामने आई थी। बालिका की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और महज 24 घंटे के भीतर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, संजय मार्केट विश्रामपुर निवासी नूर मोहम्मद, जो अंबिकापुर के तकिया रोड पर खिलौना बेचने का काम करते हैं, ने 20 दिसंबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 11 वर्षीय बेटी मीना, जो बाज़ार घूमने गई थी, अचानक लापता हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लिया और शहर के सभी थाना प्रभारियों को जल्द से जल्द बालिका की तलाश करने के निर्देश दिए। पुलिस की टीम ने रातभर शहर के विभिन्न इलाकों में तलाश की और पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार रिपोर्टिंग की। अंततः, 21 दिसंबर की सुबह पुलिस को बालिका नगर निगम के पास सडकों पर अकेली मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह बाजार घूमने के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गई थी। ठंड से बचने के लिए उसने रात भर चौपाटी के पास विभिन्न दुकानों में शरण ली। बच्ची ने किसी भी अप्रिय घटना का सामना नहीं होने की जानकारी दी। पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की और बताया कि ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी होती है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply