बिना वैध दस्तावेजों के चल रही जीप टैक्सियों पर परिवहन विभाग का शिकंजा,22 वाहनों पर कार्रवाई, 33,800 शमन शुल्क वसूल

-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिले में परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान के दौरान बिना वैध फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट एवं बीमा के संचालित जीप टैक्सियों पर सख्त कार्रवाई की है। अभियान में 22 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 33,800 (तैंतीस हजार आठ सौ रुपये) शमन शुल्क वसूल कर शासन के खाते में जमा किया गया,परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों का संचालन न केवल कानून के विरुद्ध है,बल्कि आम जनता के जान-माल के लिए गंभीर खतरा भी बनता है। नियमों की अनदेखी करने वाले जीप टैक्सियों के खिलाफ आगे वृहद स्तर पर जप्ती अभियान चलाया जाएगा।
विभाग ने टैक्सी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वैध फिटनेस, प्रदूषण, परमिट, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहनों का संचालन करें, जिन व्यावसायिक वाहनों की परमिट आयु पूरी हो चुकी है, उन्हें निजी वाहन श्रेणी में परिवर्तित कर निजी उपयोग में लिया जा सकता है, 15 वर्ष से अधिक आयु के निजी वाहनों का पंजीयन नवीनीकरण कराकर वैध दस्तावेज पूरे रखें या स्क्रैप पॉलिसी का लाभ उठाएं, जिले में एक ओर जहां परिवहन विभाग अवैध वाहनों पर सख्ती बरत रहा है, वहीं प्रशासन धान खरीदी और पोषण योजनाओं की सतत निगरानी कर रहा है ताकि किसानों और आमजन को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
धान खरीदी के बीच कलेक्टर ने ली मिलर्स की समीक्षा बैठक…उठाव में तेजी और पारदर्शिता के निर्देश : जिले में जारी धान खरीदी के बीच कलेक्टर एस. जयवर्धन ने धान मिलर्स की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खाद्य विभाग, मार्कफेड, नागरिक आपूर्ति निगम, एफसीआई के अधिकारी एवं राइस मिलर्स उपस्थित रहे, कलेक्टर ने गोदामों की स्थिति, धान उठाव, बारदाना उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों से समयबद्ध और निर्बाध उठाव सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने मिल पंजीयन अनुबंध, बैंक गारंटी और समितियों में समय पर बारदाना जमा कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा की और कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों और रेडी टू ईट प्लांट का निरीक्षण,पोषण गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने विकासखंड भैयाथान के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों एवं रेडी टू ईट प्लांट का निरीक्षण किया,निरीक्षण के दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सेवाओं,पोषण आहार की गुणवत्ता, उपस्थिति पंजी और स्वच्छता की समीक्षा की गई, रेडी टू ईट प्लांट में निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त पोषण आहार का निर्माण व वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur