अम्बिकापुर,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अंबिकापुर में पदस्थ पी. एल. व्ही. पुष्यमित्र मलतियार ने वर्ष 2022 से राष्ट्रीय लोक अदालत में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई है, जिससे आमजन को सुलभ,त्वरित एवं प्रभावी निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत में पहुँच सुनिश्चित कराने में सहायता मिली है। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव, पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित करके 5000 से अधिक लोगों को लोक अदालत और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी प्रदान की है। राष्ट्रीय लोक अदालत वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 के दौरान उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया, यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। लोक अदालत में आपसी सहयोग, सुलह और समझौते के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया जाता है। आपसी सहमति से राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण किया जाता है। इस प्रक्रिया से न केवल निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत तक पहुँच आसान होती है बल्कि समुदाय में विश्वास और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। इस पूरे कार्यकाल में पुष्यमित्र मलतियार की भूमिका अत्यंत सक्रिय और प्रभावशाली रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur