Breaking News

सूरजपुर@ जिला मुख्यालय में विशाल हिंदू महासंगम का आयोजन

Share


हमारे लिए राष्ट्र प्रथम होना चाहिए,राष्ट्रीय निर्माण में योगदान हमारा दायित्व : अभय राम
सूरजपुर,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला मुख्यालय सूरजपुर में विशाल हिंदू महासंगम का आयोजन किया गया। थाना सूरजपुर के सामने पुराना बस स्टैंड परिसर में आयोजित इस सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक अभय राम ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में नागपुर के मोहिते वाड़ा में डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी, कुछ लोगों से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन बन चुका है और पूरी दुनिया संघ की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रही है, हिंदू महासंगम के माध्यम से राष्ट्र प्रथम, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त प्रयास किया गया।
हिंदू जीवन पद्धति और परिवार व्यवस्था पर जोर : अभय राम ने कहा कि संघ हिंदू परिवार व्यवस्था पर विश्वास करता है। भारतीय जीवन मूल्य और हिंदू जीवन पद्धति श्रेष्ठ और अनुकरणीय हैं, उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब महारानी विक्टोरिया भारत आई थीं, तब भारतीय परिवार व्यवस्था से वे अत्यंत प्रभावित हुई थीं,उन्होंने आह्वान किया कि परिवार में अनौपचारिक संवाद हो एक साथ भोजन और सप्ताह में एक दिन सामूहिक पूजा हो, परिवार सहित भ्रमण की योजना बने, घर वास्तु आधारित,परिधान भारतीय,बोलचाल हिंदी/ मातृभाषा में हो हस्ताक्षर हिंदी में करने की आदत डाली जाए।
पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी का संदेश : उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज सबसे बड़ी आवश्यकता है,एक व्यक्ति के जीवन के लिए लगभग 240 पेड़ों की आवश्यकता होती है,समाज को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाना चाहिए, प्लास्टिक पर्यावरण का सबसे बड़ा अभिशाप है,इसका न्यूनतम उपयोग करें जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं साथ ही उन्होंने स्वदेशी अपनाने,देश में बने उत्पादों के उपयोग, कानून पालन और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन पर भी जोर दिया।
ऊंच-नीच की भावना समाज को कमजोर करती है : अभय राम ने कहा कि हिंदू समाज को ऊंच-नीच की भावना कमजोर कर रही है। जब भगवान श्रीराम निषादराज को गले लगाते हैं और शबरी माता के जूठे बेर स्वीकार करते हैं, तो समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं होना चाहिए, उन्होंने सभी से सामाजिक समरसता अपनाने का आह्वान किया।
आदिवासी समाज से धर्मांतरण पर चिंता : कार्यक्रम में उपस्थित विमला भगत (उरांव समाज की सचिव) ने कहा कि आदिवासी समाज के लोग प्रलोभन में आकर धर्म परिवर्तन कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि बच्चों को घर से ही हिंदू संस्कार और जीवन मूल्य दिए जाने चाहिए।
सम्मान और समापनः कार्यक्रम में महादेव बस्ती के सभी समाज प्रमुखों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती का आयोजन किया गया, आभार प्रदर्शनः पवन अग्रवाल, मंच संचालनः हिमांशु अग्रवाल कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज जायसवाल, शंकर अग्रवाल, अमरदीप देवांगन,अंकुर तिवारी,आनंद सोनी, शशिकांत गर्ग, हिमांशु जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply