प्रिया सिंह,दीक्षा अग्रवाल एवं विकास शुक्ला को नई जिम्मेदारी वहीं भाजपा युवा मोर्चा सरगुजा को नया नेतृत्व?
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में भाजपा सरगुजा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निशांत सिंह (सोलू) को सौंपी गई है। युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों में प्रिया सिंह, दीक्षा अग्रवाल एवं विकास शुक्ला (चंदन) को शामिल किया गया है। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में अंकित जायसवाल, अंशुल श्रीवास्तव, मनिष दुबे, अभिनंदन सिंह, शालू कश्यप एवं मारकंडेय तिवारी को नियुक्त किया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में अमोघ कश्यप एवं हर्ष जायसवाल को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ‘युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है। पार्टी नेतृत्व ने जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है, वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। युवाओं की ऊर्जा और विचार शक्ति से भाजपा सरगुजा में नए आयाम स्थापित करेगी। ‘ कन्या शक्ति जिला संयोजिका, भाजयुमो प्रदेश सोशल मीडिया सह प्रभारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं प्रदेश मंत्री भाजयुमो प्रिया सिंह ने कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने वाली पार्टी है। युवा मोर्चा के माध्यम से हम सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। सरगुजा में युवा शक्ति को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
इस अवसर पर दीक्षा अग्रवाल ने कहा कि ‘भारतीय जनता युवा मोर्चा के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ना और पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुँचाना हमारा संकल्प है। जो जिम्मेदारी नेतृत्व ने दी है, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाते हुए संगठन को और मजबूत किया जाएगा। ‘ नव नियुक्त युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह (सोलू) ने कहा कि ‘प्रदेश एवं जिला नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर युवाओं के बीच पार्टी की नीतियों को मजबूती से पहुँचाने तथा भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करूँगा। ‘
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur