-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)।मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से शुरू हुई हवाई सेवा महज एक साल में ही बंद हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा का माहौल है। फ्लाई बिग कंपनी द्वारा संचालित इस 19-सीटर विमान सेवा की कड़ी आलोचना करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस सेवा का बंद होना अच्छा ही हुआ। उन्होंने बताया कि फ्लाई बिग की विमान सेवा यात्रियों के लिए न तो कंफर्टेबल थी, न ही इसकी सेवाएं नियमित थीं। उन्होंने सरगुजा क्षेत्र की उपेक्षा पर भी चिंता व्यक्त की और इस रूट पर बड़े विमानों की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट को व्यवसायिक दृष्टि से बेहतर बताया गया है, जबकि रांची और इलाहाबाद जैसे स्थान भी विकल्प हो सकते हैं। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही सरगुजा से किसी अन्य एयरलाइन कंपनी के माध्यम से हवाई सेवाएं शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस से दो बार बैठक की गई है, और इस मुद्दे पर मंत्री से भी चर्चा हो चुकी है। यह सेवा 19 दिसंबर 2024 को दरिमा एयरपोर्ट से रायपुर और बिलासपुर के लिए शुरू हुई थी, जिसका शुरुआती किराया 999 रुपये था। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध थी।
हालांकि, कुछ महीनों बाद ही फ्लाई बिग की सेवाएं अनियमित होने लगीं और फिर धीरे-धीरे बंद हो गईं। 2025 में मानसून के बाद जून तक यह सेवा पूरी तरह से ठप हो गई। दीपावली के आसपास केवल पांच दिनों तक उड़ानें संचालित हुईं, जिसके बाद फिर से सेवाएं बंद कर दी गईं। फ्लाई बिग को 29 अक्टूबर तक अपना विंटर शेड्यूल देना था, लेकिन कंपनी ने यह शेड्यूल भी नहीं जमा किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur