-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
शहर के दर्रीपारा में सोमवार की रात भाजपा पार्षद के पुत्र सहित 1 दर्जन युवकों ने 2 युवकों की बेदम पिटाई कर। आरोपी उन्हें घसीटते हुए झाडिय़ों के पास ले गए और हाथ-मुक्के, डंडे, ईंट-पत्थर व चाकू से मारा। फिर पार्षद के घर के पास ले गए, यहां पार्षद पुत्र ने भी दोनों को पीटा। मामले में मणिपुर पुलिस ने पार्षद पुत्र समेत 1 दर्जन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार राहुल सोनवानी पिता पन्नेलाल 22 वर्ष वर्तमान में दर्रीपारा के आंबेडकर वार्ड निवासी विकास साहू के किराए के मकान में अपने दोस्त शुभम रवि के साथ रह रहा था। दोनों वहां रहकर पढ़ाई करते हैं। राहुल सोनवानी ने मणिपुर पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब 9.30 बजे दर्रीपारा निवासी उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, अखिल सोनी, समीर मुंडा, रौनक मुखर्जी के साथ 2-3 युवक रूम में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए दोनों को खींचकर डॉ. अनुपम मिंज के घर के पास झाडिय़ों में ले गए। यहां सभी ने मिलकर दोनों की हाथ-मुक्के, डंडे, ईंट-पत्थर व चाकू से हमला कर दिया। यहीं नहीं उन्होंने दोस्त शुभम रवि के गाल को आग से जलाया। राहुल सोनवानी ने बताया कि यहां मारपीट करने के बाद सभी ने कहा कि प्रकाश साहू के घर के पास ले चलते हैं, वहीं इसका फैसला होगा। इसके बाद वे दोनों को पार्षद के घर के पास ले गए। यहां महिला पार्षद के पुत्र विशाल साहू व राजा साहू मौजूद थे। इसके बाद सभी ने मिलकर फिर दोनों को पीटा। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि अमन मिश्रा के साथ मिलते-जुलते या बात करते दिखे तो मारकर फेंकवा देंगे। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मारपीट में राहुल सोनवानी व शुभम रवि के सिर, चेहरे, हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। पीडि़त राहुल सोनवानी की रिपोर्ट पर मणिपुर पुलिस ने आरोपियों दर्रीपारा निवासी उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, अखिल सोनी, समीर मुंडा, रौनक मुखर्जी, विशाल साहू, राजा साहू सहित 3-4 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 191(2), 191(3), 190, 115(2), 118(1), 331(8), 127(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
आरोपियों ने दो घटनाओं को दिया था वारदात
इन्हीं आरोपियों ने दर्रीपारा निवासी कमलेश मिश्रा के घर में घुसकर उत्पात मचाया है। कमलेश मिश्रा सोमवार की रात करीब 9.45 बजे बेटे अमन मिश्रा व परिवार के अन्य लोगों के साथ घर में था। उसी समय उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, समीर मुण्डा, रौनक मुखर्जी, अखील सोनी व अन्य 3-4 व्यक्ति अकारण घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने ईंट पत्थर भी लाया। घर वालों द्वारा शोर मचाने व पुलिस कंट्रोल को फोन से जानकारी देने पर सभी आरोपी वहां से भाग निकले। कमलेश मिश्रा ने पुलिस को बताया है कि इस घटना से पूर्व राजा साहू मोबाइल से फोन कर मेरे बेटे अमन मिश्रा को जान से मरने की धमकी दी थी। कमलेश मिश्रा की रिपोर्ट पर पुलिस ने उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, समीर मुण्डा, रौनक मुखर्जी, अखील सोनी, राजा साहू व अन्य के खिलाफ धारा 291(2), 296, 351 (3), 352 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार दोनों मामले के विवाद का मुख्य कारण पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस अब तक समीर मुंडा को गिरफ्तार कर चुकी है। शेष आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur