-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
युवा कांग्रेस आरटीआई विभाग के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लकपाले से मुलाकात की और छात्रहित में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं, जिसमें प्रमुख रूप से प्राइवेट परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए आवेदन की समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई। युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने बताया कि कई छात्र परीक्षा आवेदन नहीं कर सके हैं और उनके लिए समय सीमा में वृद्धि की आवश्यकता है। इसके अलावा, छात्रों को समस्त जानकारी और आवेदन प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए विश्वविद्यालय में एक छात्र सहायता एंड्रायड ऐप बनाने की मांग की गई, ताकि छात्रों को एक क्लिक पर सभी आवश्यक जानकारी मिल सके और वे मोबाइल से ही आवेदन कर सकें। इसके अलावा, छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए भकुरा क्षेत्र में एक पुलिस चौकी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी मांग की गई, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा और पुलिस कार्रवाई उपलब्ध हो सके। हिमांशु जायसवाल ने यह भी कहा कि यदि विश्वविद्यालय की किसी गलती के कारण छात्र को भ्रमित होकर विश्वविद्यालय में भटकना पड़ा तो विश्वविद्यालय को छात्रों के यात्रा भत्ते (ट्रैवलिंग अलाउंस) की व्यवस्था करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरेंद्र गुप्ता, आयुष गुप्ता, कृष्ण यादव, प्रमोद जायसवाल, सत्यम यादव, अभिनव काशी, युगराज, राहुल आदि उपस्थित थे।
कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लकपाले ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और जल्द ही छात्रों के हित में इन मुद्दों को हल करने की बात कही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur