-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा रविवार को सैला में इनफिनिटी रीडर्स क्लब के सहयोग से एक विशेष पर्यटन एवं एडवेंचर गतिविधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को साहसिक पर्यटन से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ की एडवेंचर टूरिज्म संभावनाओं को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ऑफ-रोड राइडिंग, ऑन-रोड राइडिंग, एटीवी राइड तथा पैरामोटर राइड जैसी रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। इनफिनिटी रीडर्स क्लब के अनुभवी राइडर्स ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया और सुरक्षित राइडिंग के साथ एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर सैला क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर गतिविधियों के लिए उपलब्ध अनुकूल वातावरण की सभी प्रतिभागियों ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी राइडर्स को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और अधिक बढ़ा।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं एडवेंचर प्रेमियों को छत्तीसगढ़ पर्यटन से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। भविष्य में भी विभिन्न राइडिंग क्लबों एवं संगठनों के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur