सूरजपुर में दबंगों का आतंक,एफआईआर दर्ज न होने पर उठे सवाल
-शमरोज खान-
सूरजपुर,13 दिसंबर 2025
(घटती-घटना)।
सूरजपुर में एक व्यापारी परिवार को केस वापस लेने के लिए लगातार जान से मारने की धमकियां, गाली-गलौच और दबाव दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है, पीडि़ता कोमल जैन (22 वर्ष) ने थाना सूरजपुर में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनके पिता दिनेश कुमार जैन,जो मेन रोड स्थित भारत बूट हाउस के संचालक हैं, उन्हें और पूरे परिवार को संगठित रूप से डराया-धमकाया जा रहा है।
परिवार की सुरक्षा पर गंभीर खतरा
लगातार धमकियों से व्यापारी परिवार दहशत में है,पीडि़ता का कहना है कि पिता पहले से ही आर्थिक धोखाधड़ी के कारण तनावग्रस्त हैं और अब जान का खतरा मंडरा रहा है,यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना घट सकती है।
सवालों के घेरे में पुलिस
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी गंभीर और बार-बार की धमकियों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या पीडि़त परिवार को न्याय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों या न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा?
कार्रवाई की मांग
शिकायत में अनावेदकों के खिलाफ कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर, परिवार को तत्काल सुरक्षा, कॉल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप संदेशों की जब्ती,न्यायालयीन कार्यवाही में बाधा डालने की जांच की मांग की गई है।
ठगी के केस से शुरू हुआ विवाद
प्रार्थिया के अनुसार,जरीफ उल्लाह, अशफाक उल्लाह,सदफ उल्लाह, नूरजहां सहित उनके परिवार ने झांसा देकर भारी रकम की ठगी की थी। इस मामले में माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट,सूरजपुर के आदेश पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 281/25 दर्ज है और विवेचना चल रही है। इसी केस को वापस लेने के लिए अब दबाव बनाया जा रहा है।
दुकान में घुसकर धमकी,कागज लिखवाने की कोशिश
शिकायत में बताया गया कि 21 नवंबर 2025 को अनावेदक महबूब हुसैन अंसारी उर्फ बड़खा,मंजूर अंसारी, शकीला बानो दुकान में घुस आए और खुलेआम धमकी दी कि केस वापस नहीं लिया तो पूरे परिवार के साथ अंजाम बुरा होगा,पीडि़ता से भी जबरन कागज पर लिखवाने का प्रयास किया गया। इस दौरान व्हाट्सऐप पर कथित रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज भेजकर अभियुक्तों को फरार कराने का दावा भी किया गया।
सीसीटीवी देखते ही भागा आरोपी
24 नवंबर 2025 को महबूब अंसारी पहले फोन कर और फिर दोपहर में दुकान पर पहुंचा। पूछताछ के दौरान जब उसे सीसीटीवी कैमरे का आभास हुआ तो वह मौके से भाग निकला। कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने का दावा भी शिकायत में किया गया है।
पहले भी जेल जा चुका हूं…मर्डर कर दूंगा…
पीडि़ता के अनुसार 25 अगस्त 2024 और 3 मार्च 2025 को भी फोन व दुकान पर आकर आरोपियों के परिजनों ने कहा कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है,एफआईआर कराई तो पूरे परिवार की हत्या कर देगा। इन घटनाओं की मौखिक सूचना पहले भी थाने को दी गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur