Breaking News

अम्बिकापुर@जीवन ज्योति सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का आईवीएफ सेंटर का उद्घाटन

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।

जीवन ज्योति सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल ने अपने 15 वर्षों के सफलतापूर्वक कार्यकाल के उपलक्ष्य में निसंतान दंपतियों के लिए आईवीएफ (टेस्ट ट्यूब बेबी) केंद्र का भव्य शुभारंभ किया। इस केंद्र के खुलने से अब अंबिकापुर और पूरे सरगुजा संभाग के दंपतियों को संतान सुख पाने के लिए मेट्रो सिटी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जीवन ज्योति हॉस्पिटल में सभी जांच, उपचार, सोनोग्राफी,ब्लड टेस्ट और आईवीएफ की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जाएगी, जिससे समय, पैसा और मानसिक तनाव की बचत होगी। साथ ही,महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल भी सुनिश्चित किया गया है। आईवीएफ सेंटर का शुभारंभ कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने वर्चुअल रूप से किया। इस दौरान, उन्होंने जीवन ज्योति हॉस्पिटल और क्षेत्र के लोगों को इस नए स्वास्थ्य सुविधा के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में जीवन ज्योति अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा एक प्रभावी नाटक का मंचन किया गया,जिसमें अंधविश्वास से ऊपर उठकर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने की प्रेरणा दी गई। डॉ. स्नेहा सिंह (आईवीएफ विशेषज्ञ) ने बताया कि इस आईवीएफ क्लिनिक के उद्घाटन से उन दंपतियों को बड़ी मदद मिलेगी जो संतान सुख की इच्छा रखते हैं। आईवीएफ तकनीक के माध्यम से जन्म लेने वाले बच्चे स्वस्थ होते हैं और पूरी तरह सामान्य जीवन जीते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ और सरगुजा क्षेत्र में बांझपन के मुख्य कारणों में तनाव, देर से शादी, हार्मोनल बदलाव और कमजोर शुक्राणु जैसी समस्याएं शामिल हैं। सही समय पर जांच और उपचार से अधिकांश दंपति प्राकृतिक रूप से माता-पिता बन सकते हैं। आईवीएफ की प्रक्रिया दो महीने में पूरी होती है और यह आसान, कम दर्द वाली और प्रभावी होती है। डॉ. आकाश सिंह, हॉस्पिटल के एमडी, ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आईवीएफ के लिए आवश्यक सभी जांच और उपचार सुविधाएं अब मेट्रो सिटीज जैसी उपलब्ध होंगी। अत्यधिक सटीक उपकरणों के साथ, यहां विश्वसनीय और प्रभावी उपचार प्रदान किया जाएगा। डॉ. स्नेहा सिंह ने आगे बताया कि सरगुजा क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के लिए वे लोगों तक पहुंचेंगे,ताकि दंपति बिना किसी झिझक के आईवीएफ की प्रक्रिया को अपनाएं। अब सरगुजा वासियों को मेट्रो सिटीज की तुलना में यहां ही पूरी चिकित्सा सहायता प्राप्त होगी। जीवन ज्योति हॉस्पिटल की डायरेक्टर संध्या सिंह ने बताया कि इस आईवीएफ सेंटर का उद्देश्य यह है कि सामाजिक दृष्टि से पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले दंपति भी संतान सुख से वंचित न रहें।
उन्होंने कहा कि यहां आईवीएफ केंद्र का लाभ साधारण लोग भी उठा सकते हैं,ताकि कोई भी संतान सुख से वंचित न रहे। इस उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ. जेके सिंह, डॉ. एमपी अग्रवाल, बब्बन जी पांडे, विजय सोनी,त्रिलोक कपूर कुशवाहा, मनीष सिंह, गीता प्रजापति, वंदना दत्ता और कई अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति मौजूद थे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मोहम्मद जीशान खान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘प्राउड ऑफ़ सरगुजा अवार्ड 2026’ समारोह …

Leave a Reply